दून में ठगी कर रहे कॉल सेंटर से मैनेजर और रीजनल मैनेजर गिरफ्तार
एसटीएफ और साइबर क्राइम पुलिस ने जीएमएस रोड पर कॉल सेंटर का खुलासा किया है। आरोपियों ने बैंक ग्राहकों से धोखाधड़ी के लिए अवैध सिम बाक्स का इस्तेमाल किया। दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। कॉल सेंटर में 39 कर्मचारी काम करते थे और ग्राहकों को धमकाकर रकम वसूलते थे।

एसटीएफ और साइबर क्राइम पुलिस ने जीएमएस रोड पर ठगी कर रहे कॉल सेंटर का खुलासा किया है। दूरसंचार विभाग से मिले इनपुट के आधार पर जीएमएस रोड, कमला पैलेस के समीप स्थित एक बिल्डिंग में छापेमारी कर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह अवैध सिम बाक्स के जरिये बैंक ग्राहकों को धमकाकर धोखाधड़ी कर रहा था। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि सिंह एसेट रिकॉन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी के कार्यालय में यह अवैध धंधा चल रहा था। यहां शुक्रवार को कार्रवाई हुई। गिरोह कालर की पहचान छिपाने और ट्राई के नियमों को चकमा देने के लिए 32 स्लॉट वाले अवैध सिम बाक्स का इस्तेमाल कर रहा था। नियमत कॉल सेंटर को 1600 नंबर सीरीज (कस्टमर हेल्पलाइन) का उपयोग करना चाहिए। ये लोग निजी मोबाइल नंबरों से ग्राहकों को कॉल करते थे। एसटीएफ ने मौके से कंपनी के लक्ष्मण प्रसाद मूल निवासी महोबा, यूपी और रीजनल मैनेजर जगमोहन सिंह रावत वासी नई दिल्ली को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ साइबर पुलिस स्टेशन में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.
धमकाकर वसूलते थे रकम
आरोपी एसबीआई, बैंक ऑफ बड़ौदा, एक्सिस बैंक सहित अन्य बैंकों के ग्राहकों को क्रेडिट कार्ड के लाभ और बकाया राशि जमा करने के नाम पर कॉल करते थे। ग्राहकों पर दबाव बनाने के लिए उन्हें गालियां दी जाती थीं और धमकाया जाता था। डर के कारण लोग अपनी गोपनीय जानकारी और रकम इन्हें सौंप देते थे। इस कॉल सेंटर में करीब 39 युवक-युवतियों को कमीशन के आधार पर कॉलिंग के काम पर रखा गया था।


