अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार

हिन्दुस्तान, अंबेडकर नगर
Follow us on Google News
share

अम्बेडकरनगर पुलिस ने अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है।

अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार

अम्बेडकरनगर,संवाददाता। जिले की पुलिस ने अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 10.80 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, 1.40 लाख रुपये नकद, चोरी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार तथा सेंधमारी के उपकरण बरामद किए हैं। गिरोह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के आसपास के संपन्न गांवों में बंद घरों और सुनसान मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।

गिरफ्तारी की प्रक्रिया

पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) डॉ. तेजवीर सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी जलालपुर के मार्गदर्शन में एसओजी, स्वाट, सर्विलांस और थाना जैतपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार तड़के अम्बरपुर-सेहरी मार्ग स्थित नटौलिया मोड़ से सीतापुर जिले के तंबौर थाना क्षेत्र निवासी मो. कलीम पुत्र मो. बिलाल तथा हसीब पुत्र हनीफ उर्फ बासू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में चोरों ने बताया कि वे रात के समय मकानों की खिड़कियों की जालियां काटकर अथवा ताले तोड़कर घरों में प्रवेश करते थे और सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चोरी कर फरार हो जाते थे।

बरामद सामान

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपितों की निशानदेही पर 960 ग्राम चांदी अनुमानित कीमत 2.30 लाख रुपये, 61 ग्राम सोना अनुमानित कीमत 8.50 लाख रुपये, 1,40,620 रुपये नकद, एक स्विफ्ट डिजायर कार एक तार कटर, पेचकस तथा सेंधमारी में प्रयुक्त सूम्मा बरामद किया गया। बरामद आभूषण और नकदी जिले के जैतपुर, जलालपुर, मालीपुर, अकबरपुर, बसखारी, महरुआ और राजेसुल्तानपुर थानों के अलावा अयोध्या, आजमगढ़ और गाजीपुर जनपदों में दर्ज चोरी के मुकदमों से संबंधित बताए गए हैं।

आरोपियों का इतिहास

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी मो. कलीम के विरुद्ध अम्बेडकरनगर, अयोध्या, आजमगढ़ और गाजीपुर के विभिन्न थानों में चोरी और गृहभेदन के 22 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी हसीब उर्फ बासू के विरुद्ध थाना जैतपुर में दर्ज दो चोरी के मुकदमों में कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार करने वाली संयुक्त टीम में एसओजी/स्वाट/सर्विलांस प्रभारी निरीक्षक संजय पाण्डेय के साथ उपनिरीक्षक विनोद यादव, हेड कांस्टेबल उमेश कुमार यादव, आरक्षी अमरेश यादव, तेजभान, अमित तिवारी, विपिन सिंह राठौर, राहुल यादव, विजेंद्र यादव, जाकिर एवं शिवम शर्मा शामिल रहे। इसके अलावा थाना जैतपुर के प्रभारी निरीक्षक प्रेमचंद, थाना मालीपुर के प्रभारी निरीक्षक शशांक शुक्ला, कटका थाने के उपनिरीक्षक उस्मान गनी तथा हेड कांस्टेबल रामू यादव ने भी कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

अधिकतर पूछे जाने वाले प्रश्न

पुलिस ने गिरफ्तार चोरों से क्या सामान बरामद किया?
पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 10.80 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, 1.40 लाख रुपये नकद, स्विफ्ट डिजायर कार तथा सेंधमारी के उपकरण बरामद किए।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsNational Newsअंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार