अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार
परतापुर पुलिस ने अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त कर रहे अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से अवैध पिस्टल, तमंचे, कारतूस और बाइक बरामद की गई। पुलिस अब मुख्य सप्लायर के बारे में जानकारी जुटा रही है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

परतापुर पुलिस ने अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध पिस्टल, दो तमंचे, चार कारतूस और बाइक बरामद किया। पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त कर आर्थिक लाभ कमाते थे। परतापुर थाना क्षेत्र के शताब्दी नगर डिवाइडर रोड स्थित स्कूल के निकट पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के साथ वांछित आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु लोधी निवासी ग्राम डुंगरावली, शिवम शर्मा उर्फ आवारा पंडित निवासी ग्राम सैनी थाना इंचौली, हाल निवासी इंद्रापुरम कॉलोनी थाना परतापुर तथा वंश लोधी निवासी ग्राम बड़ा हसनपुर थाना किठौर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से अवैध पिस्टल मय मैगजीन, दो अवैध तमंचे, दो कारतूस, दो कारतूस और बाइक बरामद की। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह देवेंद्र नाम के व्यक्ति से अवैध असलहे खरीदते थे। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर बेचकर आर्थिक लाभ कमाते थे। आरोपियों के अनुसार पिस्टल को 70 से 80 हजार रुपये में, जबकि तमंचों को 9 से 10 हजार रुपये में बेचा जाता था।परतापुर थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि अवैध शस्त्रों की आपूर्ति करने वाले देवेंद्र और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस उनकी पहचान कर जल्द कार्रवाई करेगी। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।


