फ्लैट के नाम पर करोड़ों की ठगी में पुलिस ने चिपकाया इश्तेहार
धनबाद में विश्व रंजन तिवारी और उसकी पत्नी सुचित्रा तिवारी पर लाखों रुपये की ठगी के मामले में कार्रवाई की गई है। धनसार पुलिस ने उनके फ्लैट के बाहर कुर्की का नोटिस चिपकाया है। दोनों पति-पत्नी भूमिगत हो गए हैं और 30 दिन के अंदर सामने नहीं आए तो उनके फ्लैट को जब्त किया जाएगा।

धनबाद, मुख्य संवाददाता। लोगों को फ्लैट दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपए की ठगी करने के मामले में सिटी सेंटर रेजीडेंसी अपार्टमेंट निवासी विश्व रंजन तिवारी और उसकी पत्नी सुचित्रा तिवारी पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। धनसार पुलिस बुधवार को सिटी सेंटर स्थित दंपति के फ्लैट के बाहर तीन मामलों में कुर्की का इश्तेहार चिपकाया। धनसार थाना में पति-पत्नी के खिलाफ तीन प्राथमिकियां दर्ज हैं। दो मामले वर्ष 2023 में दर्ज हुए हैं, जबकि तीसरा मामला वर्ष 2025 में दर्ज हुआ था। धनसार थाना की पुलिस लगातार पति-पत्नी की तलाश में जुटी थी, लेकिन दोनों पुलिस को चकमा देते हुए भूमिगत हो गए हैं।
30 दिनों के अंदर यदि दोनों सामने नहीं आते तो उनके फ्लैट में कुर्की जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। दोनों पर बरवाअड्डा थाना में भी फ्लैट के नाम पर ठगी का मामला दर्ज होने की बात कही जा रही है।


