Gurgaon News: चोरी के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला
Gurgaon News: पुलिस टीम चोरी के आरोपी को पकड़ने गई थी, तभी आरोपी ने उन पर जानलेवा हमला किया। आरोपी ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की, उनकी वर्दी फाड़ी और एक जवान को काटा। फिर भी, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर पहले से कई गंभीर अपराध के मामले हैं।

Gurgaon News: गुरुग्राम, गौरव चौधरी। चोरी के एक आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पुलिस के चंगुल से बचने के लिए शातिर ने न केवल पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और उनकी वर्दी फाड़ दी, बल्कि एक जवान के हाथ पर दांत से बुरी तरह काट भी लिया। इसके बाद आरोपी ने पत्थरों से भी पुलिस टीम पर हमला करने का प्रयास किया। हालांकि, घायल होने के बावजूद पुलिस जवानों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी पर पहले से ही चोरी समेत कई संगीन अपराधों के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
आरोपी की पहचान
जानकारी के अनुसार 13 जुलाई की रात पुलिस थाना शहर सोहना की एक टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को एक गाड़ी से मोबाइल फोन और नकदी चोरी होने की सूचना मिली। पीड़ित की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला, तो उसमें चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए एक स्थानीय बदमाश दिखाई दिया। उसकी पहचान साहिल उर्फ रुक्का निवासी नट कॉलोनी, सोहना के रूप में हुई।
पुलिस को देखते ही हिंसक हुआ आरोपी
आरोपी की पहचान होने के बाद पुलिस टीम बिना वक्त गंवाए पूछताछ और उसे हिरासत में लेने के लिए नट कॉलोनी स्थित उसके घर पहुंची। पुलिस को अपने दरवाजे पर देखकर साहिल बौखला गया। वह घर से बाहर आते ही सीधे पुलिसकर्मियों पर टूट पड़ा। उसने टीम के साथ हाथापाई शुरू कर दी और खींचतान में पुलिसकर्मियों की वर्दी तक फाड़ दी। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने खुद को छुड़ाने के लिए एक पुलिसकर्मी के हाथ पर अपने दांतों से जोर से काट लिया। इसके बाद भी जब पुलिस ने उसे नहीं छोड़ा, तो उसने पास पड़े पत्थरों से पुलिस पर हमला करने की कोशिश की। इस हिंसक झड़प में दोनों पुलिसकर्मियों को काफी चोटें आईं, जवानों ने तत्परता से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी पर दर्ज हुए दो नए मुकदमे
पुलिस टीम पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में आरोपी साहिल उर्फ रुक्का के खिलाफ थाना शहर सोहना में संबंधित गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा, गाड़ी से मोबाइल फोन और नकदी चोरी करने के मामले में पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ एक और अलग मुकदमा दर्ज किया गया है।
सोहना पुलिस ने जब पकड़े गए आरोपी साहिल का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला, तो अधिकारी भी हैरान रह गए। आरोपी इलाके का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर चोरी व अन्य वारदातों से जुड़े कुल छह आपराधिक मुकदमे गुरुग्राम के विभिन्न थानों में पहले से ही दर्ज हैं। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की तफ्तीश कर रही है।


