जोगेंद्र मर्डर: हत्यारोपी 36 घंटे बाद भी गिरफ्तार नहरीं, पुलिस डाल रही दबिश
जोगेंद्र मर्डर मामले में पुलिस 36 घंटे के बाद भी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। जोगेंद्र का शव ओगारपुर के जंगल में मिला था, जिसके चेहरे और सीने पर चोट के निशान थे। पोस्टमार्टम में हत्या का कारण गला दबाना बताया गया है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है, जो फरार हैं।

जोगेंद्र मर्डर में पुलिस 36 घंटे बाद भी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस उनकी तलाश में कई जगह दबिश डाल चुकी है। आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव कोकापुर की मढैया निवासी रूपराम के 25 वर्षीय बेटे जोगेंद्र खड़गवंशी का शव शनिवार सुबह पास के गांव ओगारपुर के जंगल में राजेंद्र नागर के खेत में पड़ा मिला था। जोगेंद्र के चेहरे और सीने पर चोट के निशान थे। अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने भी मौका मुआयना किया। फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य संकलित किए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर जोगेंद्र की हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।
शरीर पर मिले चोट के निशानों के आधार पर हत्या से पहले जोगेंद्र की पिटाई किए जाने की बात भी सामने आई। पुलिस ने पिता रूपराम की तहरीर पर दरियापुर निवासी बृजपाल, विष्णु और तेजपाल के खिलाफ जोगेंद्र की हत्या करने समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पिता ने बताया था कि उक्त तीनों शुक्रवार शाम जोगेंद्र को बाइक पर बैठाकर कहीं ले गए थे। घटना के बाद से आरोपी घरों से फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश डाल रही है। थानाध्यक्ष कोमल तोमर ने बताया कि हत्यारोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। जल्द गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।


