डेढ़ करोड़ रूपये के गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
डेढ़ करोड़ रूपये के गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार एक महिन्द्रा एक्सयूवी से 2.85 कुंतल गांजा बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया। गांजा 195 पैके

सोनभद्र, संवाददाता। पिपरी पुलिस ने बुधवार रात मुर्धवा-रनटोला मार्ग पर एक महिन्द्रा एक्सयूवी से 2.85 कुंतल गांजा बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया। गांजा 195 पैकेट में प्लास्टिक टेप से पैक कर पिछली सीट के नीचे और डिग्गी में छिपाकर रखा गया था। पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त वाहन, दो मोबाइल फोन और दो नंबर प्लेट भी बरामद की हैं। चुर्क स्थित पुलिस लाइन सभागार में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बुधवार रात करीब 10:45 बजे पिपरी पुलिस मुर्धवा-रनटोला मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी।
मुर्धवा से करीब दो किलोमीटर आगे एक एक्सयूवी पुलिस टीम को देखकर अचानक पीछे मुड़कर भागने लगी। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी में 195 पैकेटों में 2.85 क्विंटल गांजा मिला। पुलिस ने मौके से महोबा जिले के बजरंग चौक गांधीनगर निवासी उमेश अहिरवार और कबरई निवासी महिपाल पाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे 29 सितंबर को ओडिशा से गांजा लेकर महोबा के लिए निकले थे। इसके बदले उन्हें 20-20 हजार रुपये प्रति चक्कर देने की बात कही गई थी। आरोपियों ने इससे पहले भी एक-दो बार गांजा पहुंचाने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक रास्ते में चेकिंग देखकर उन्होंने वाहन को जंगल में छिपा दिया था। पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये है। गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष राजेश जी चौबे, उ.नि. जितेन्द्र सरोज, हे.का. अमित सिंह, मोहन खरवार, रामाश्रय यादव, शिवबदन राम, शंकर लाल आदि रहे।एसपी के अनुसार चेकिंग से बचने और पुलिस को भ्रमित करने के लिए वाहन पर अलग-अलग नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया जा रहा था। दोनों आरोपियों के खिलाफ पिपरी थाने में एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

