गैंगस्टर केसी राय की संपत्ति कुर्क
आजमगढ़ में गैंगस्टर कृष्णचंद्र राय की 10 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति कुर्क की गई। यह कार्रवाई मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर की गई। जांच में यह पाया गया कि राय ने फर्जी दस्तावेजों से अवैध धन से संपत्ति अर्जित की थी। सीओ नगर ने कहा कि ऐसे संगठित अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

आजमगढ़, संवाददाता। पुलिस और प्रशासन की टीम ने रविवार सुबह शहर कोतवाली क्षेत्र के कोडर अजमतपुर गांव में गैंगस्टर कृष्णचंद्र राय उर्फ केसी राय की करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्ति कुर्क कर ली। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर तहसीलदार सदर की मौजूदगी में सीओ सिटी शुभम तोदी के नेतृत्व में यह कार्रवाई हुई। इस दौरान जिले में पहली बार बैंडबाजा और ढोल-ताशा के साथ मुनादी कर कुर्की की कार्रवाई की गई, जिसे देखने के लिए मौके पर भीड़ जुट गई। नगर कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 92/2026 की विवेचना के दौरान सामने आया था कि केसी राय ने फर्जी खतौनी, जमीन के नाम पर ठगी, गैंगस्टर गतिविधियों और अन्य संगठित अपराधों से अर्जित अवैध धन से वर्ष 2012 में ग्राम कोडर अजमतपुर में जमीन खरीदकर आलीशान भवन का निर्माण कराया था।
बाद के वर्षों में भवन का पुनर्निर्माण और रेनोवेशन भी अवैध कमाई से कराया गया। जांच में यह भी पाया गया कि उक्त भवन गैंग के सदस्यों के जमावड़े और आपराधिक गतिविधियों की योजना बनाने का प्रमुख केंद्र था। राजस्व विभाग द्वारा भूमि एवं भवन का मूल्यांकन कराने पर इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 10 करोड़ रुपये आंकी गई। नगर कोतवाली के विवेचक निरीक्षक रफी आलम की विवेचना के आधार पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सत्यवीर सिंह ने धारा 107 बीएनएसएस के तहत संपत्ति कुर्क करने का आदेश पारित करते हुए तहसीलदार सदर को संपत्ति का प्रशासक नियुक्त किया। न्यायालय ने अपने आदेश में माना कि आरोपी के पास भवन निर्माण और ऋण की किश्तों के भुगतान के लिए कोई वैध आय का स्रोत नहीं था तथा उसने अपराध से अर्जित धन के बल पर अवैध संपत्ति खड़ी की। सीओ नगर शुभम तोदी ने बताया कि कृष्णचंद्र राय उर्फ केसी राय के खिलाफ 16 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह वर्तमान में जेल में निरुद्ध है और प्रशासनिक आधार पर उसे अंबेडकरनगर कारागार स्थानांतरित किया गया है। कार्रवाई में तहसीलदार सदर, एएसपी नगर मधुवन कुमार सिंह, सीओ नगर शुभम तोदी, विवेचक निरीक्षक रफी आलम, शहर कोतवाली पुलिस तथा राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि जनपद में संगठित अपराध, गैंगस्टर, भूमाफियाओं और अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगी।


