कार से 375.16 लीटर शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
भगवानपुर हाट में एनएच 331 पर मंगलवार को वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक कार से 375.16 लीटर शराब बरामद की। एक तस्कर, राकेश कुमार चौधरी को गिरफ्तार किया गया, जो शराब की सप्लाई के लिए जा रहा था। पुलिस ने शराब और कार को जब्त कर तस्कर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।

भगवानपुर हाट, एक संवाददाता। एनएच 331 पर मंगलवार को हिलसड़ मोड़ के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक कार से 375.16 लीटर शराब बरामद किया और कार में सवार एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। वाहन से शराब सप्लाई किए जाने की गुप्त सूचना मिलने पर मंगलवार को थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने पुलिस बलों के साथ हिलसड़ मोड़ के पास एनएच 331 पर वाहन जांच शुरू कर दिया। इस दौरान वाहन जांच होता देख एक एक्सयूवी 300 कार से एक व्यक्ति उतर के भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। कार की तलाशी लेने पर उसमें 375.16 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने कार तथा शराब को जब्त कर तथा युवक को गिरफ्तार कर थाना लाया। गिरफ्तार शराब तस्कर सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र के गंजपर निवासी मोतीलाल चौधरी का पुत्र राकेश कुमार चौधरी है। पुलिस के पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने बताया कि वह एकमा से शराब का खेप लेकर आपूर्ति करने के लिए मशरख ले जा रहा था। उन्होंने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार युवक के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कर उसे बुधवार को जेल भेज दिया गया।


