फर्जी नंबर प्लेट लगी टाटा सूमो से शराब बरामद
खामपार पुलिस ने कुकुरघाटी गांव के पास एक टाटा सूमो से 304 पाउच अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट थी। पुलिस ने अंधेरे का फायदा उठाकर भागने वाले शराब तस्करों के खिलाफ केस दर्ज कर खोज शुरू कर दी है। एक आरोपी की पहचान हो गई है जबकि दूसरे की अभी पहचान नहीं हुई।

भाटपाररानी, हिन्दुस्तान संवाद। खामपार पुलिस ने शनिवार को कुकुरघाटी गांव के समीप एक टाटा सूमो से 304 पाउच अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। पुलिस कार्रवाई के दौरान अंधेरे का लाभ उठाकर शराब तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने एक नामजद समेत दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।मुखबिर की सूचना पर खामपार पुलिस ने कुकुरघाटी के पास टाटा सूमो गोल्ड वाहन को पकड़ा। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें ऑफिसर्स च्वाइस ब्रांड की 180 एमएल की 304 पाउच शराब मिली, जिसकी कुल मात्रा 57.72 लीटर है।जांच
में वाहन का वास्तविक पंजीकरण नंबर BR01PE9384 मिला, जबकि उस पर BR01PB1694 की फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। पुलिस ने वाहन और फर्जी नंबर प्लेट को कब्जे में ले लिया।पुलिस ने फरार आरोपियों में रमेश उर्फ टुनटुन यादव पुत्र स्व. राजेन्द्र यादव निवासी कुकुरघाटी, थाना खामपार को नामजद किया है, जबकि दूसरे आरोपी की पहचान अभी नहीं हो सकी है। थानाध्यक्ष बलराम सिंह ने बताया कि मामले में मु0अ0सं0 189/2026 के तहत धारा 60/72 आबकारी अधिनियम व 341(2) बीएनएस में केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।


