केन बीयर के साथ एक कारोबारी गिरफ्तार
उत्पाद विभाग द्वारा की गई कार्रवाई में बिहार के अंजनपीर में एक स्विफ्ट डिजायर कार से 108 लीटर किंगफिशर बीयर बरामद की गई। इस कार्रवाई में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। जिला पदाधिकारी ने शराबबंदी नीति को सख्ती से लागू करने का आश्वासन दिया है।

उत्पाद विभाग एवं संबंधित प्रवर्तन तंत्र द्वारा की गई कार्रवाई में टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत अंजनपीर के समीप एक स्विफ्ट डिजायर कार से किंगफिशर ब्रांड की 108 लीटर केन बीयर बरामद की गई है। इस कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि बिहार सरकार की शराबबंदी नीति को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए जिले में लगातार सघन छापेमारी, वाहन जांच एवं खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। अवैध रूप से शराब के भंडारण, परिवहन, बिक्री अथवा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप कठोर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
बरामद स्विफ्ट डिजायर कार को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया गया है तथा गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ के आधार पर शराब की आपूर्ति श्रृंखला एवं इसमें संलिप्त अन्य व्यक्तियों के संबंध में अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। -अमिताभ सिंह


