कान का झुमका नोच कर भागे बदमाश, महिला घायल
बाराबंकी के कुर्सी थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने महिला मुस्कान सोनी के कान से झुमका नोच लिया। घटना के समय मुस्कान अपने छोटे देवर के साथ बाइक पर थी। झुमका खींचने से उनका कान फट गया। पुलिस ने पीड़िता के ससुर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है।

बाराबंकी। कुर्सी थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने बाइक से जा रही महिला के कान का एक झुमका नोच कर फरार हो गए। पीड़िता के ससुर की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। लखनऊ के बीकेटी थाना क्षेत्र निवासी रुद्र लाल सोनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 31 जुलाई को उनकी बहू मुस्कान सोनी अपने छोटे देवर चमन लाल के साथ मोटरसाइकिल से कुर्सी क्षेत्र से घर लौट रही थी। शाम करीब छह बजे कुर्सी से अनवारी के बीच एक सफेद और नारंगी रंग की केटीएम बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवकों ने उनकी बाइक का पीछा किया।
आरोप है कि चलती बाइक पर पीछे बैठे युवक ने मुस्कान सोनी के बाएं कान का झुमका खींच लिया। झुमका खींचने से उनका कान फट गया और वह घायल हो गईं। इसके बाद बाइक सवारों का पीछा किया गया, लेकिन सामने से ट्रैक्टर-ट्रॉली आ जाने के कारण आरोपी चौराहे से किस दिशा में भागे, इसका पता नहीं चल सका। घायल महिला का इलाज साढ़ेमऊ, बीकेटी स्थित अस्पताल में कराया गया। मामले में पहले चौकी पर शिकायत दी गई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।


