दहेज प्रताड़ना में पति समेत सात लोगों पर केस दर्ज
अमरोहा। दहेज प्रताड़ना के मामले में विवाहिता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत सात

दहेज प्रताड़ना के मामले में विवाहिता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और घर से निकालने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव जलालपुर घना निवासी किसान पुन्ने सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी स्वाति का विवाह 19 मार्च 2023 को गजरौला थाना क्षेत्र के गांव पपसरा खादर निवासी गुलशन के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में एक बुलेट मोटरसाइकिल और दो लाख रुपये की अतिरिक्त मांग करने लगे।
मांग पूरी न होने पर स्वाति का मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया जाता रहा। शिकायत के अनुसार, 21 जून 2026 को आरोपियों ने स्वाति के साथ मारपीट की और उसे बेटी के साथ घर से निकाल दिया। इसके बाद पीड़िता अपने मायके पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत पर पुलिस ने पति गुलशन, ससुर मेहर सिंह, सास शीला देवी, देवर अमन, चमन और आकाश तथा देवरानी ललिता के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी विकास सहरावत ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।


