गोवंशीय कंकाल मिलने पर मुकदमा
गोसाईंगंज (सुलतानपुर) में द्वारिकागंज रेलवे स्टेशन के पास बाग में गोवंशीय पशु के अवशेष मिले हैं। पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। चौकी प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि संभवतः पशु का वध कर मांस बिक्री के लिए अवशेष छोड़े गए थे। घटना की जांच जारी है।

गोसाईंगंज (सुलतानपुर)। गोसाईगंज थानाक्षेत्र के द्वारिकागंज रेलवे स्टेशन के पश्चिम स्थित बाग में गोवंशीय पशु के अवशेष मिलने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। बुधवार शाम सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर कार्रवाई की। द्वारिकागंज चौकी प्रभारी अशोक कुमार की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। तहरीर के अनुसार 30 सितंबर को चौकी प्रभारी अशोक कुमार हमराह पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि द्वारिकागंज रेलवे स्टेशन के पश्चिम स्थित बाग में गोवंशीय पशु के अवशेष पड़े हैं।
पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां पशु का एक पैर, खून और टूटी हुई रस्सी पड़ी मिली। प्रथम दृष्टया पुलिस ने आशंका जताई कि अज्ञात लोगों ने गोवंशीय पशु का वध कर मांस बिक्री के लिए अवशेष मौके पर छोड़ दिया और फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर अवशेष, खून और रस्सी की फोटो व वीडियोग्राफी कराई। इसके बाद गड्ढा खोदकर अवशेष को मिट्टी में दफना दिया गया। चौकी प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

