चोरी गई 2 सिलाई मशीनें जनता बाजार क्षेत्र से बरामद, एक गिरफ्तार
भगवानपुर हाट के अरूआं गांव में जनवरी में हुई सिलाई और गारमेंट्स मशीनरी चोरी के मामले में पुलिस को सफलता मिली है। एसपी सीवान और एसडीपीओ महाराजगंज के नेतृत्व में छापे के दौरान दो मशीनें बरामद की गई हैं और एक आरोपी साबिर हुसैन को गिरफ्तार किया गया है।

भगवानपुर हाट, एक संवाददाता। मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत अरूआं गांव में संचालित नेहा इन्टरप्राइजेज से जनवरी महीने में चोरी की गई कीमती सिलाई व गारमेंट्स मशीनरी चोरी मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। एसपी सीवान तथा एसडीपीओ महाराजगंज के नेतृत्व व निगरानी में गठित पुलिस टीम ने छापेमारी कर इसे बरामद किया। थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह एवं एएसआई वीरेंद्र पांडे जी के नेतृत्व में पुलिस ने जनता बाजार थाना क्षेत्र के बिहारी मोड़ से पहली मशीन तथा बसही गांव से दूसरी मशीन बरामद की है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित जनता बाजार थाना क्षेत्र के बसहीं गांव के वसीर मियां का पुत्र साबिर हुसैन बताया जाता है।
इस घटना में करीब सात लाख रूपये मूल्य की मशीन की चोरी हुई थी। इसमें से एक लाख की दो मशीनें बरामद हुई है। पुलिस इस मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

