सेलाकुई पुलिस ने पोर्टल से 15 गुम मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए
सेलाकुई थाने की पुलिस ने भारत सरकार के संचार सारथी पोर्टल की सहायता से 15 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए। इनकी कीमत लगभग 3.20 लाख रुपये है। पुलिस ने बताया कि मोबाइल खोने की शिकायत पर तुरंत रिपोर्ट दर्ज कर, फोन को पोर्टल पर ट्रेस किया जाता है। अब तक 85 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं।

सेलाकुई । थाना सेलाकुई पुलिस ने भारत सरकार के संचार सारथी पोर्टल की मदद से 15 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिया। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 3.20 लाख रुपये बताई गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर थाना सेलाकुई पुलिस लगातार पोर्टल के माध्यम से गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार, मोबाइल खोने की शिकायत मिलते ही उसकी रिपोर्ट दर्ज कर फोन को तत्काल पोर्टल पर ट्रेसिंग के लिए अपलोड किया जाता है। 14 जुलाई को अलग-अलग कंपनियों के कुल 15 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को सौंपे गए।
अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर मोबाइल स्वामियों और उनके परिजनों ने उत्तराखंड पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक थाना सेलाकुई पुलिस पोर्टल के माध्यम से 85 गुम मोबाइल फोन, जिनकी कुल कीमत लगभग 20.50 लाख रुपये है, बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस दिला चुकी है।


