चकबासू के जुआ के अड्डा पर साढ़े चार माह बाद पुलिस की दोबारा छापेमारी, 13 गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने 13 जुआड़ियों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई चकबासू मोहल्ला में फूलबाबू उर्फ जुल्फीकार के घर के पीछे हुई। गिरफ्तार किए गए लोगों के पास से तास, नकद 2,72,690 रुपये और 12 मोबाइल जब्त किए गए। फूलबाबू के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हैं।

मुजफ्फरपुर, हिप्र। मिठनपुरा थाना के चकबासू मोहल्ला में फूलबाबू के घर के पीछे बनी झोपड़ी में जुआ के अड्डा पर पुलिस ने साढ़े चार माह बाद दूसरी बार छापेमारी की। इस छापेमारी में जुआ खेलते हुए 13 आरोपित जुआड़ियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए जाने वालों में फूलबाबू उर्फ जुल्फीकार, नगर थाना क्षेत्र के धीरज कुमार, मो. पाले हुसैन, रवि कुमार, असगर खान, काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मण कुमार, अमन कुमार, सोनू कुमार, गुड्डू कुमार, श्याम कुमार, तुर्की थाना क्षेत्र के धर्मेंद्र भगत व मिठनपुरा थाना क्षेत्र के सुजीत कुमार शामिल है। इन सभी के पास से तास के पांच पैकेट, नकद दो लाख 72 हजार 690 रुपये नकद व 12 मोबाइल जब्त की गई है। इसमें 26 मई की रात छापेमारी के दौरान गिरफ्तार सोनू कुमार व तब फरार हुए फूलबाबू भी शामिल है। सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में पत्रकारों को इसकी जानकारी दी।
गिरफ्तार किए गए जुआड़ियों की जानकारी
सिटी एसपी ने बताया कि फूलबाबू उर्फ जुल्फीकार चकबासू स्थित जुए के अड्डे का संचालक अपने मकान के पीछे बनी झोपड़ी में करता था। मई में छापेमारी के बाद कुछ दिनों तक यह अड्डा बंद रहा। उसके बाद फिर से उसने जुआ खेलाना शुरू कर दिया। उसके विरुद्ध 2008 में हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट की धारा में नगर थाना में मामला दर्ज किया गया था। गिरफ्तार लक्ष्मण के विरुद्ध काजीमोहम्मदपुर थाना में एक चोरी व अवैध शराब के धंधे के छह मामले दर्ज है। वहीं धीरज कुमार को नगर थाना के साहू पोखर के निकट 26 सितंबर 2022 की रात जुआ के अड्डा पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

