सड़क हादसे में दरोगा और सिपाही घायल
अम्बेडकरनगर के मालीपुर थाने में तैनात उपनिरीक्षक और हेड कांस्टेबल सड़क पर एक स्कूली छात्र को बचाने के प्रयास में दुर्घटना का शिकार हो गए। दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हुए और जिला अस्पताल रेफर किए गए। छात्र सुरक्षित है।

दुलहूपुर,अम्बेडकरनगर, संवाददाता। अम्बेडकरनगर के मालीपुर थाने में तैनात एक उपनिरीक्षक (एसआई) और हेड कांस्टेबल स्कूली छात्र को बचाने के प्रयास में सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मालीपुर थाने में तैनात उपनिरीक्षक त्रिलोकी नाथ और हेड कांस्टेबल मोहम्मद रसूल किछौछा क्षेत्र में ड्यूटी पूरी कर मोटरसाइकिल से थाने लौट रहे थे। मगुराडिला चौराहे से कुछ दूरी पहले अचानक एक स्कूली छात्र सड़क पर आ गया। छात्र को बचाने के प्रयास में उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-108 एंबुलेंस को सूचना दी।
एंबुलेंस से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद कांस्टेबल की गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग के अधिकारी और मालीपुर थाने के अन्य पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचे तथा घायल पुलिसकर्मियों का हालचाल जाना। कोतवाल जलालपुर अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि दोनों घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे में स्कूली छात्र सुरक्षित बताया जा रहा है।


