मनोज वर्मा के राइफल और पिस्टल के लाइसेंस के निरस्तीकरण को भेजा प्रस्ताव
बांका की महिला ने नौकरी के नाम पर ठगी का केस किया है आरोपी का

भागलपुर, प्रधान संवाददाता बांका की रहने वाली महिला से नौकरी के नाम पर 5.60 लाख की ठगी के आरोपी पुलिस पदाधिकारी मनोज वर्मा के राइफल व पिस्टल के लाइसेंस के निरस्तीकरण का प्रस्ताव इशाकचक थाना से एसएसपी कार्यालय भेज दिया गया है। एसएसपी कार्यालय से प्रस्ताव को डीएम कार्यालय भेजा जाएगा। फरार चल रहे एसआई मनोज वर्मा के घर से पुलिस ने दोनों हथियार जब्त किया था। मनोज वर्मा की पत्नी ने लाइसेंस दिखाकर हथियार लौटाने का आग्रह किया था जिसे ठुकरा दिया गया था।मनोज वर्मा पर खुद को सीआईडी का डीएसपी बताकर महिला से ठगी का आरोप है। घटना को लेकर महिला ने बांका थाने में इशाकचक के भीखनपुर के रहने वाले मनोज वर्मा पर केस दर्ज कराया है।
महिला का आरोप है कि फोन पे, आरटीजीएस और नगद पैसे दिए हैं। नौकरी नहीं दिलाने पर जब महिला ने मनोज वर्मा को पैसे वापस करने को कहा तो वह टालमटोल करने लगा।एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि लाइसेंस निरस्त किए जाने के बाद उसकी रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि बांका पुलिस भागलपुर पुलिस से संपर्क में है। आरोपी का लोकेशन मिलते ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।


