टेल्को के स्कूलों में नशामुक्ति और साइबर सुरक्षा पर कार्यशाला
पुलिस ने एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर टेल्को क्षेत्र के दो विद्यालयों में नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा और यातायात जागरूकता संबंधी कार्यशाला का आयोजन किया। थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद ने विद्यार्थियों को नशे और साइबर अपराध से बचने, यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस ने एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर चलाए जा रहे नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा और यातायात जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को टेल्को क्षेत्र के दो विद्यालयों में विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। टेल्को थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद के नेतृत्व में टेल्को उर्दू उच्च विद्यालय और टीआरएफ कॉलोनी स्थित वैली व्यू स्कूल में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराध से बचाव और यातायात नियमों के पालन की जानकारी दी गई। टेल्को उर्दू उच्च विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद ने की, जबकि संचालन टेल्को वेलफेयर सोसाइटी के सचिव एवं केंद्रीय शांति समिति के सदस्य रियाजुद्दीन खान ने किया।
विद्यालय के सचिव इनामुल हक ने विषय की भूमिका रखी। थाना प्रभारी ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति युवाओं और स्कूली बच्चों के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बन रही है। उन्होंने छात्रों से नशे और साइबर अपराध से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की। इसके बाद टीआरएफ कॉलोनी स्थित वैली व्यू स्कूल में भी जागरूकता कार्यक्रम किया गया। संचालन विद्यालय के उपप्राचार्य डॉ. जेके पांडे ने किया। सुरेश प्रसाद ने छात्रों से कहा कि सोशल मीडिया और इंटरनेट का उपयोग सतर्कता के साथ करें तथा हेलमेट पहनकर वाहन चलाने और सभी यातायात नियमों का पालन करने की आदत विकसित करें। उन्होंने विद्यार्थियों को बुरी संगत से दूर रहने और नशा फैलाने वालों की सूचना गुप्त रूप से पुलिस को देने की भी सलाह दी।


