लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और जनसुनवाई पर जोर
-कसबा थाना के निरीक्षण में पहुंचे आईजी एवं एसएसपी कसबा, एक संवाददाता। पूर्णिया प्रमंडल के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. विवेकानंद ने गुरुवार को वरीय पुलिस अधी

कसबा, एक संवाददाता। पूर्णिया प्रमंडल के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. विवेकानंद ने गुरुवार को वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन के साथ कसबा थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की विधि-व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण, लंबित मामलों, अनुसंधान कार्य और साफ-सफाई की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आईजी ने थाने में पाई गई कमियों को दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, अनुसंधान में तेजी लाने और आम लोगों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। आईजी डॉ. विवेकानंद ने कहा कि दो वर्षों में कसबा थाना क्षेत्र में डकैती की कोई घटना दर्ज नहीं हुई है, जो पुलिस के लिए सकारात्मक उपलब्धि है।
उन्होंने बताया कि हाल में हुई लूट की सभी घटनाओं का सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध नियंत्रण नहीं, बल्कि लोगों के बीच विश्वास कायम करना भी है। इसके लिए पुलिस को अधिक संवेदनशील होकर लोगों की समस्याएं सुनना और उनका समाधान करना होगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष थाना क्षेत्र से 1,500 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनके समयबद्ध निष्पादन के निर्देश दिए गए हैं। आईजी ने कहा कि अपराध होने के बाद उसके त्वरित उद्भेदन की दिशा में पुलिस बेहतर कार्य कर रही है।दिन और रात की गश्ती व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए एसएसपी स्तर पर विशेष कार्ययोजना लागू की गई है। शहरी क्षेत्रों में मोटरसाइकिल गश्ती भी शुरू की गई है जिसके सकारात्मक परिणाम आने वाले समय में देखने को मिलेंगे। निरीक्षण के दौरान कसबा थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।


