किसान और कांग्रेस नेताओं को हाउस एरेस्ट किया
शुक्रवार को मुरादनगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के दौरान, पुलिस ने निवाड़ी और मोदीनगर में किसान नेता सत्येंद्र त्यागी और कांग्रेस नेता सुनील शर्मा को हाउस एरेस्ट किया। दोनों नेता मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने जा रहे थे, जो किसान मुद्दों और अन्य गंभीरता के संबंध में था। नेताओं ने सरकार की तानाशाही की आलोचना की।

मोदीनगर, चंद्रशेखर त्यागी। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शुक्रवार को मुरादनगर में कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस ने निवाड़ी व मोदीनगर में किसान और कांग्रेस नेताओं को हाउस एरेस्ट कर लिया। नायब तहसीलदार ने उनके घर पर जाकर ज्ञापन लिया। निवाड़ी निवासी सत्येंद्र त्यागी भारतीय किसान यूनियन किसान सभा के संरक्षक है। वह पैरा एथलीट चिराग त्यागी हत्याकांड में सीबीआई जांच की मांग कर रहें है। उन्होंने शुक्रवार को मुरादनगर कार्यक्रम में आ रहे प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर ज्ञापन देने की घोषणा की थी। इसके अलावा मोदीनगर के गांव खंजरपुर निवासी वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुनील शर्मा ने निजी स्कलों की फीस और निजी प्रकाशकों की महंगी पुस्तकें व मोदी शुगर मिल पर किसानों के बकाया गन्ना भुगतान को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने का ऐलान किया था।
निवाड़ी और मोदीनगर पुलिस शुक्रवार सुबह ही दोनों नेताओं के घर पहुंच गई और उन्हें हाउस एरेस्ट कर लिया। नायब तहसीलदार मुकेश शर्मा सत्येंद्र त्यागी और सुनील शर्मा के घर पहुंचे और उनका ज्ञापन लिया। मुख्यमंत्री की रवानगी के बाद पुलिस नेताओं के घरों से लौट गई। कांग्रेस नेता सुनील शर्मा ने कहा कि यह सरकार की तानाशाही है कि लोकतंत्र में कोई अपनी बात भी नहीं रख सकता।


