गवाही में लापरवाही करने वाले पुलिसकर्मियों पर कसेगा शिकंजा
न्यायालय में लंबित मामलों में गवाही के लिए अब पुलिस मुख्यालय ने सख्ती शुरू कर दी है। समन जारी होने के बावजूद गवाही में अनुपस्थित पुलिस अधिकारियों का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। लापरवाही पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। जिलों से रिपोर्ट मांगी गई है और गवाही में अनुपस्थित रहने के कारणों की जांच की जाएगी।

न्यायालय में लंबित मामलों में गवाही को लेकर पुलिस मुख्यालय ने सख्ती शुरू कर दी है। कोर्ट से समन जारी होने के बावजूद गवाही के लिए नहीं पहुंचने वाले पुलिस अधिकारियों और जवानों का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। इसके लिए पिछले ढाई साल के दौरान पुलिसकर्मियों को जारी हुए समन और गवाही की निर्धारित तारीखों का मिलान किया जा रहा है। लापरवाही सामने आने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मुख्यालय ने इस संबंध में जिलों से रिकॉर्ड मांगा है। पुलिस विभाग की ओर से इस प्रक्रिया के तहत यह देखा जा रहा है कि किन मामलों में पुलिस अधिकारी या जवान न्यायालय में गवाही के लिए बुलाए गए थे और निर्धारित तिथि पर वे उपस्थित हुए थे या नहीं। इसके साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि गवाही में अनुपस्थित रहने के पीछे कोई वैध कारण था या ड्यूटी में लापरवाही बरती गई。
समन से लेकर गवाही की तारीख तक होगी जांच
रिकॉर्ड तैयार करने के दौरान कोर्ट से जारी समन, संबंधित कांड संख्या, गवाही की तारीख और संबंधित पुलिसकर्मी का विवरण जुटाया जाएगा। इसके बाद मिलान किया जाएगा कि समन मिलने के बाद पुलिसकर्मी न्यायालय में उपस्थित हुए थे या नहीं। जिन मामलों में बार-बार गवाही टलने या पुलिसकर्मी के अनुपस्थित रहने की स्थिति सामने आई, उनकी अलग से समीक्षा की जा सकती है। पुलिस अधिकारियों के न्यायालय में समय पर गवाही देने का सीधा संबंध आपराधिक मामलों की सुनवाई से है। किसी मामले में पुलिस अधिकारी या अनुसंधानकर्ता के गवाही के लिए उपस्थित नहीं होने पर सुनवाई प्रभावित हो सकती है।


