सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक डिजिटल सामग्री पोस्ट करने पर मुकदमा दर्ज
ग्रेटर नोएडा में बीटा दो कोतवाली पुलिस ने बाल यौन शोषण सामग्री फैलाने के आरोप में एक इंस्टाग्राम यूजर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। साइबर सेल को मिली TIP के आधार पर जांच शुरू की गई और संदिग्ध यूजर प्रीत भड़ाना के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत FIR की गई है।

ग्रेटर नोएडा, संवाददाता। बीटा दो कोतवाली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बाल यौन शोषण से संबंधित आपत्तिजनक डिजिटल सामग्री प्रसारित करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने संदिग्ध इंस्टाग्राम यूजर की पहचान और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। बीटा दो कोतवाली में कार्यरत उपनिरीक्षक अतुल प्रताप की ओर से शनिवार को मुकदमा दर्ज करवाया गया है। पुलिस के अनुसार साइबर सेल को एक साइबर टिप प्राप्त हुई थी। इसमें इंस्टाग्राम मैसेंजर के माध्यम से एक संदिग्ध यूजर द्वारा बाल यौन शोषण से संबंधित आपत्तिजनक डिजिटल सामग्री प्रसारित किए जाने की जानकारी मिली थी।
साइबर सेल की ओर से उपलब्ध कराई गई सूचना में संदिग्ध यूजर का नाम प्रीत बताया गया है। इसके साथ ही उसका मोबाइल नंबर, संबंधित प्रोफाइल की जानकारी, आईपी एड्रेस, डिवाइस, आईडी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक विवरण भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए। जांच में सामने आया कि संबंधित इंस्टाग्राम प्रोफाइल बाल यौन शोषण से जुड़ी दो डिजिटल फाइल अपलोड की गई थी। पुलिस ने उपलब्ध मोबाइल नंबर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर इंस्टाग्राम यूजर प्रीत भड़ाना के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

