मुठभेड़ में बदमाश के पैर में लगी गोली, साथी भी दबोचा
फतेहाबाद-शमसाबाद मार्ग पर शनिवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने लूटे हुए आभूषण, 18 हजार रुपये, तमंचे और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की।

थाना फतेहाबाद क्षेत्र में लगातार लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले बदमाशों से शनिवार रात फतेहाबाद-शमसाबाद मार्ग पर हुसैनपुरा मोड़ के पास पुलिस की मुठभेड़ हो गई। एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसके साथी को भी पकड़ लिया। दोनों के कब्जे से लूटे हुए सोने-चांदी के आभूषण, दो तमंचा और घटना प्रयुक्त बाइक बरामद की है। एसीपी शमसाबाद राजीव कुमार रंजन ने बताया कि फतेहाबाद सर्किल क्षेत्र में लूट की वारदातों के खुलासे के लिए पुलिस टीमें लगी हुई थीं। शनिवार रात टीमें फतेहाबाद-शमसाबाद मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। मुखबिर ने सूचना दी कि लूट करने वाले बाइक सवार बदमाश धिमिश्री की तरफ से फतेहाबाद जा रहे हैं।
पुलिस टीम ने उनकी घेराबंदी की। बदमाश फायरिंग करते हुए हुसैनपुरा गांव की तरफ बाइक लेकर भागने लगे। जवाबी फायरिंग में विकेश पुत्र धर्मवीर निवासी मढ़ैया फकीर (बलरई, इटावा) पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसके साथी सोनू वर्मा उर्फ लुक्का उर्फ सनी पुत्र साहब सिंह निवासी बमुरियाई (निबोहरा) को भी गिरफ्तार कर लिया गया। बदमाशों के कब्जे से लूटे हुए 18 हजार रूपये, एक कुंडल, एक जोड़ी छोटे कुंडल, एक अंगूठी, पायल, करधनी, दो तमंचे, दो कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है।


