हापुड़ : करोड़ों की डकैती डालने वाला मुठभेड़ में ढेर

हिन्दुस्तान, हापुड़
Follow us on Google News
share

हापुड़ में कारोबारी के यहां करोड़ों रुपये की डकैती करने वाला फरार बदमाश मुठभेड़ में मारा गया। इस मुठभेड़ में एक हेड कांस्टेबल घायल हुआ। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से पिस्टल और बाइक बरामद की। यह बदमाश 50 हजार रुपये का इनामी था और इसके खिलाफ कई मामले दर्ज थे।

हापुड़ : करोड़ों की डकैती डालने वाला मुठभेड़ में ढेर

कारोबारी के यहां करोड़ों रुपये की डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले फरार 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को थाना हापुड़ देहात और कोतवाली हापुड़ नगर की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ में मार गिराया गया। मुठभेड़ में एक हेड कांस्टेबल भी घायल हो गया। पिछले कई दिनों से पुलिस टीम को फरार बदमाश की तलाश थी। बदमाश के कब्जे से पुलिस ने पिस्टल और बाइक बरामद की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि गुरुवार देर रात कोतवाली हापुड़ नगर थाना प्रभारी मनीष चौहान पुलिस टीम के साथ बुलंदशहर रोड पर चेकिंग कर रहे थे।

इसी दौरान बाइक सवार संदिग्ध व्यक्ति आता हुआ दिखाई दिया। जिसे पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया तो आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागने लगा, पुलिस टीम ने तुरंत उसका पीछा किया और इसकी सूचना वायरलैस के माध्यम से जनपद के अन्य थाना पुलिस को दी गई। बदमाश बुलंदशहर रोड पर स्थित गांव सादिकपुर की तरफ मुड़ गया पुलिस टीम भी उसके पीछे थी। इसी बीच ग्राम गोदी की तरफ से थाना प्रभारी हापुड़ देहात प्रभारी पारस मलिक भी पुलिस टीम के साथ पहुंच गए। दोनों थानों की पुलिस ने बदमाश को गोंदी के जंगल घेर लिया।बदमाश एक ट्यूबवेल के पास पहुंचा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की जिसमें बदमाश पुलिस की गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस टीम घायल को सीएचसी ले गई जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी ने बताया कि बदमाश की शिनाख्त 50 हजार रुपये के इनामी सुरजपुर थाना पटवाई जनपद रामपुर निवासी श्याम के रूप में हुई है। बदमाश के कब्जे से एक पिस्टल और बाइक बरामद की गई है। मुठभेड़ में एक हेड कांस्टेबल मनोज कुमार भी घायल हो गए। मारे गए बदमाश ने जनपद के प्रमुख कारोबारी नरेंद्र अग्रवाल के घर एक जून को परिजन और चौकीदार को बंधक बनाकर डकैती की वारदात में शामिल था। घटना स्थल का फॉरेसिंक टीम ने भी निरीक्षण किया है। एसपी ने बताया कि मारा गया बदमाश शातिर अपराधी है। जिस पर डकैती, गैंगस्टर समेत अनेक मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।