पुलिस मुठभेड़ में पशु तस्कर घायल, गिरफ्तार
आजमगढ़ के सरायमीर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार की भोर में मुठभेड़ के दौरान एक पशु तस्कर को घायल किया। पुलिस ने घायल तस्कर के साथ दो अन्य को गिरफ्तार किया और उनके पास से 23 किलो मांस, तमंचा, कारतूस आदि बरामद किए। घटना की सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की।

आजमगढ़, संवाददाता। सरायमीर थाना क्षेत्र के खासडीह बरईपुर बड़ी नहर के समीप मंगलवार की भोर में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से एक पशु तस्कर घायल हो गया। घायल पशु तस्कर के साथ ही उसके दो अन्य साथी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए पशु तस्करों के पास से पुलिस ने तमंचा, कारतूस, चापड़, चाकू, 23 किलो मांस बरामद किया।सरायमीर थाना पुलिस को डायल-112 के माध्यम से मंगलवार की भोर में सूचना कि खासडीह बरईपुर बड़ी नहर के पास कुछ व्यक्ति गोवंश का वध कर उसका मांस बिक्री के लिए लेकर जा रहे हैं।
उक्त सूचना पर सरायमीर थाना के प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखकर तीन पशु तस्कर अपने कंधों पर रखी बोरियां छोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम पीछा कर उन्हें घेरने का प्रयास किया। इसी दौरान एक पशु तस्कर ने तमंचा निकालकर पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पशु तस्कर के दाहिने पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। घायल पशु तस्कर मेराज उर्फ साजिद खान पुत्र मोहम्मद आजाद खान ग्राम हाजीपुर गोधना थाना पवई निवासी को पुलिस ने अपने अभिरक्षा में लेकर उसे फूलपुर के खरेवा सीएचसी पर भर्ती कराया। जबकि घायल पशु तस्कर के दो अन्य साथियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए दोनों पशु तस्करों में गालिब पुत्र फैजान एवं शहजाद पुत्र फैय्याज ग्राम खासडीह बरईपुर थाना सरायमीर के निवासी हैं।


