पुलिस मुठभेड़ में मोनू सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी चाइना अंसारी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
देवरिया जिले में एक पुलिस मुठभेड़ में मनीष सिंह मोनू के हत्याकांड का मुख्य आरोपी चाइना अंसारी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को पैर में गोली मारकर पकड़ा। इसके अलावा, पुलिस ने अंबुज विश्वकर्मा को भी गिरफ्तार किया है। मामले में लापरवाही के चलते कई पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है।
देवरिया, निज संवाददाता। देवरिया जिले के भलुअनी थाना क्षेत्र में रविवार की भोर में पुलिस की गोलियां तड़तड़ा उठी। पुलिस ने भलुअनी के मनीष सिंह मोनू हत्याकांड के मुख्य आरोपी चाइना अंसारी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया, उसे पैर में गोली लगी है। उसके पास से असलहा भी बरामद किया गया है। घायल मुख्य आरोपी को उपचार के लिए पुलिस ने महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। एसपी अभिजीत आर शंकर समेत अन्य अधिकारियों ने घटना स्थल पहुंच जानकारी ली। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल अंबुज विश्वकर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया है। भलुअनी कस्बे में 10 सितंबर की रात मोनू सिंह की हत्या कर दी गई थी।
इस मामले में लापरवाही सामने आने के बाद थानेदार, दारोगा व सिपाही निलंबित कर दिए गए। किरकिरी होने के बाद देवरिया पुलिस इस मामले को लेकर एक्शन मोड में नजर आ रही थी। आरोपियों की गिरफ्तारी में पुलिस जुटी थी। इस बीच पुलिस को मुखबिर ने सूचना दिया कि मुख्य आरोपी चाइना अंसारी सोनाडी मोड़ की तरफ से आ रहा है। सूचना के बाद पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह पुलिस टीम पर ही फायर झोंक दिया। पुलिस अपना बचाव करते हुए जवाबी कार्रवाई की। जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद आरोपी मौके पर ही गिर गया। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाई। पूछताछ में उसने अपना नाम चाइना अंसारी निवासी जयप्रकाश नगर भलुअनी बताया। उसे इलाज के लिए महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज देवरिया में भर्ती कराया गया है.
मामले में यह हैं आरोपी
इस घटना में चाइना अंसारी के अलावा अंबुज विश्वकर्मा निवासी जयप्रकाश नगर भलुअनी, जयकिशुन यादव निवासी तिलक नगर व नागेश यादव निवासी कुंईचवर भी आरोपी हैं।


