पुलिस मुठभेड़ में पशु तस्कर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
बरईपार के हैदरपुर बाजार में पुलिस ने एक पशु तस्कर को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। तस्कर के पैर में गोली लगी और उसका साथी भाग गया। पुलिस ने उस समय एक तमंचा, गोवंश और वाहन बरामद किए। घायल तस्कर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बरईपार, हिन्दुस्तान संवाद। तेजीबजार थाना क्षेत्र के हैदरपुर बाजार के आगे पुलिस मुठभेड़ में गुरुवार की रात एक पशु तस्कर गिरफ्तार किया गया। पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने एक तमंचा, कारतूस, चार गोवंश, पिकअप और बाइक बरामद किया है। गुरुवार की रात में थानाध्यक्ष तेजीबाजार गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ गोतस्कर एक पिकअप वाहन पर गोवंश लादकर हैदरपुर की ओर से जौनपुर की तरफ जाने वाले हैं। पुलिस ने मखदूमपुर तिराहा के समीप घेराबंदी की। तभी हैदरपुर की ओर से बिना नंबर की पिकअप और उसके पीछे एक बाइक से आती दिखी।
जिसे पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया गया, पुलिस को देखकर चालक ने गाड़ी को मखदूमपुर की ओर मोड़ा, जिससे पिकअप असंतुलित होकर किनारे खड्ढे में फंस गई। बाइक सवार ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी और वह गिरकर घायल हो गया। गिरफ्तार आरोपी चंदौली के थाना अलीनगर गांव रेवसा का निवासी 22 वर्षीय छोटू है। उसे पुलिस ने सीएचसी नौपेड़वा में भर्ती कराया, वहां से जिला अस्पताल भेज दिया गया है।

