मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी पशु तस्कर घायल, गिरफ्तार
अतरौलिया, आजमगढ़। स्थानीय थाना क्षेत्र के सुखीपुर गांव के गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के
अतरौलिया, आजमगढ़। स्थानीय थाना क्षेत्र के सुखीपुर गांव के गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर शुक्रवार की भोर में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से 25 हजार रुपये का इनामी पशु तस्कर घायल हो गया। जबकि उसके दो अन्य साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। घायल पशु तस्कर जहानागंज थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ 10 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने घायल पशु तस्कर के पास से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद किया।अतरौलिया थानाध्यक्ष देवेन्द्रनाथ दूबे, सब इंस्पेक्टर सुरेन्द्र कुमार एवं विश्राम गुप्ता शुक्रवार को भोर में करीब सवा बजे मुखबिर की सूचना पर गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के सुखीपुर गांव के समीप सर्विस रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
चेकिंग के दौरान अंबेडकर नगर जिले के कटका की ओर से सर्विस रोड होते हुए गदनपुर की ओर आ रहे एक बाइक पर सवार तीन पशु तस्करों को आते देख पुलिस ने उन्हें रूकने का इशारा किया। पुलिस से अपने को घिरा देख तीनों पशु तस्कर पुलिस पर फायर कर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से संतोष यादव पुत्र निरंजन यादव ग्राम समस्तीपुर थाना जहानागंज निवासी घायल हो गया। जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल पशु तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से तमंचा, कारतूस, बाइक बरामद किया। अतरौलिया थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़ा गया पशु तस्कर जहानागंज थाने का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, गोवध, गैंगस्टर, शस्त्र अधिनियम समेत कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसएसपी ने पूर्व में 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। घायल पशु तस्कर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


