शादी की नियत से अपहृत नाबालिग पूर्वी चंपारण से बरामद, पांच पर केस
मैनाटाड़, एक प्रतिनिधि। भंगहा थाना क्षेत्र के एक गांव से शादी की नियत

मैनाटाड़, एक प्रतिनिधि। भंगहा थाना क्षेत्र के एक गांव से शादी की नियत से अपहृत नाबालिग लड़की को पुलिस ने नाटकीय ढंग से बरामद किया है। लड़की की बरामदगी पूर्वी चंपारण जिले के पिपरा कोठी के परौलिया कॉलोनी से की गयी है। भंगहा थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि अपहृत नबालिग के भाई के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वही बरामद किशोरी को 164 के बयान के लिए बेतिया भेजा दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि अपहृत नाबालिग के भाई के आवेदन पर भंगहा थाना में पांच नामजद आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। आवेदन में आरोप लगाया गया था कि उसकी 16 वर्षीय बहन शौच के लिए घर से सरेह की ओर गयी थी। इसी दौरान पहले से घात लगाये बैठे बामी कुमार, मोना देवी, अजीत कुमार और राहुल कुमार, जो पूर्वी चंपारण जिले के पिपरा कोठी थाना क्षेत्र के परौलिया कॉलोनी के निवासी हैं।साथ में मानपुर थाना क्षेत्र के बिरंची तीन निवासी महादेव वर्मन ने मिलकर शादी की नीयत से किशोरी का अपहरण कर लिया। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया था कि जब परिजनों ने किशोरी को वापस करने की मांग की तो आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।मामले की गंभीरता को देखते हुए भंगहा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। उसके बाद लड़की की बरामदगी किया गया।


