लखनऊ कूच से पहले रजनीकांत मौर्य को पुलिस ने किया नजरबंद, विरोध में समर्थकों ने की नारेबाजी
मऊ, संवाददाता। लखनऊ में पुलिस मुख्यालय के घेराव के लिए कूच करने से

मऊ, संवाददाता। सचिन मिश्र
लखनऊ में पुलिस मुख्यालय के घेराव के लिए कूच करने से पहले अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव युवा मोर्चा रजनीकांत मौर्य को पुलिस ने उनके दोहरीघाट स्थित आवास पर नजरबंद कर दिया। बुधवार रात से ही उनके घर पर पुलिस तैनात थी। गुरुवार करीब 11 बजे समर्थकों के साथ लखनऊ जाने के लिए निकलने पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। विरोध में समर्थकों ने नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस और समर्थकों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई।
पुलिस मुख्यालय का घेराव
पुलिस मुख्यालय का घेराव पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के आह्वान पर प्रस्तावित था। इसमें एससी, एसटी, ओबीसी, मुस्लिम और महिलाओं से जुड़े हत्या व दुष्कर्म के गंभीर मामलों में नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने का मुद्दा उठाया जाना था। साथ ही राम लखन मौर्य, विनोद साहनी, पवन कोरी और सौरभ विश्वकर्मा समेत अन्य पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की जानी थी। लखनऊ जाने की सूचना पर पुलिस ने रजनीकांत मौर्य को घर से बाहर नहीं निकलने दिया। समर्थकों की भीड़ जुटने पर पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत कराया और रजनीकांत मौर्य को वापस आवास के अंदर कर दिया।रजनीकांत मौर्य के आवास पर पुलिस बल तैनात है। उन्हें बाहर आने-जाने से रोका जा रहा है। पुलिस कार्रवाई को लेकर समर्थकों में नाराजगी है.

