11 घंटे हिरासत में विधायक को रख कराया मृतक का अंतिम संस्कार
कल्याणपुरी में सफाई कर्मचारी अनिल की हत्या के मामले में पुलिस ने विधायक कुलदीप कुमार सहित 6 लोगों को हिरासत में लिया। मृतक के शव का अंतिम संस्कार गाज़ियाबाद में किया गया। परिवार ने एक करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की थी। पुलिस ने कहा कि विधायक को एहतियातन हिरासत में लिया गया था और बाद में छोड़ दिया गया।

नई दिल्ली प्रमुख संवाददाता कल्याणपुरी में हुई सफाई कर्मचारी अनिल की हत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार तड़के विधायक कुलदीप कुमार सहित 6 लोगों को हिरासत में ले लिया।इसके बाद मृतक के शव को परिवार के साथ गाजियाबाद ले गई, जहां हिंडन में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान आप नेताओं ने कुलदीप को ले जाने के चलते पुलिस पर जमकर निशाना साधा। हाईकोर्ट में तत्काल सुनवाई भी करवाई गई, जहां पुलिस ने बताया कि दोपहर में उन्हें छोड़ दिया गया है। जानकारी के अनुसार बीते रविवार को कल्याणपुरी इलाके में सफाई कर्मचारी अनिल कुमार की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या हुई थी।
इस मामले में विधायक कुलदीप कुमार पीड़ित परिवार के लिए एख करोड़ रुपये का मुआवजा एवं एक सरकारी नौकरी की मांग कर रहे थे। मांग नहीं मानने पर परिजन शव लेने को तैयार नहीं थे। इसलिए तड़के लगभग 4.30 बजे पुलिस ने कुलदीप कुमार को हिरासत में ले लिया। उन्हें दोपहर 3.30 बजे पुलिस ने छोड़ दिया। इस अवधि के बीच में पुलिस ने मृतक के शव का अंतिम संस्कार करवा दिया। आप पार्टी के नेताओं ने इसे लेकर डीसीपी कार्यालय में प्रदर्शन भी किया और हाईकोर्ट में इसे लेकर याचिका भी डाली गई। पुलिस की तरफ से हाईकोर्ट को बताया गया कि एहतियातन विधायक को हिरासत में लिया गया था और उन्हें दोपहर में छोड़ दिया गया है।


