रंगदारी मांगने वाले चार आरोपी हथियारों के साथ हुए गिरफ्तार, जेल
-पुलिस की घेराबंदी देख भागे चार आरोपी, हरिशरनम कुटिया के पीछे से दबोचे गएशहर में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस के बीच पुलिस ने रंगदारी मांगने के मामले म

शहर में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस के बीच पुलिस ने रंगदारी मांगने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। परिवार के साथ सिनेमा देखने गए व्यवसायी के बेटे के साथ मारपीट कर रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उक्त मामले की जानकारी एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने रविवार शाम छह बजे अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित कर दी । बताया कि सदर अस्पताल के पास पुलिस को देखते ही सभी बदमाश भाग रहे थे। सभी आरोपियों को पीछा कर हरिशरनम कुटिया के पीछे से दबोचा गया। तलाशी के दौरान दो पिस्टल, छह जिंदा कारतूस और एक ब्लैक स्कॉर्पियो बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में नगर थाना के सीता होटल के समीप निवासी 31 वर्षीय रिषभ राज उर्फ रिषभ केशरी, शिवगंगा लेन निवासी 30 वर्षीय विकास पलिवार उर्फ भाखड़ बोस, पंड़ित बीएनझा रोड़ निवासी 26 वर्षीय सौरभ श्रृंगारी, कुंडा थाना के करनीबाग मोहल्ला निवासी 32 वर्षीय प्रशांत कुमार झा शामिल हैं। एसडीपीओ अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में विकास पलिवार उर्फ भाखड़ बोस कुख्यात अपराधी है। बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ जिले के विभिन्न थानाओं में 40 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उनके आपराधिक नेटवर्क, हथियारों के स्रोत और अन्य सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही है।
सिनेमा हॉल में परिवार के सामने मांगी रंगदारी:
एसडीपीओ ने बताया कि 11 सितंबर की रात अमरनाथ केशरी अपने बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ आईलेक्स में फिल्म देखने गए थे। पुलिस के अनुसार फिल्म के मध्यांतर के दौरान विकास पलिवार उर्फ भाखड़ बोस अपने तीन अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि चारों ने अमरनाथ केशरी के बेटे के साथ मारपीट की और उसके बाद रंगदारी की मांग की। घटना के बाद अमरनाथ केशरी ने नगर थाना में शिकायत दी। उनके आवेदन के आधार पर नगर थाना कांड संख्या 357/26, दिनांक 12 सितंबर 2026 दर्ज किया गया। मामले में बीएनएस की धारा 115(2), 308(2), 351(2), 352 और 3(5) के तहत कार्रवाई शुरू की गई। सिनेमा हॉल जैसी सार्वजनिक जगह पर परिवार के सामने मारपीट और रंगदारी की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। एसपी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी शुरू की।
सदर अस्पताल के पास पुलिस को देखकर भागे:
एसडीपीओ ने बताया कि 13 सितंबर को करीब तीन बजे एसपी को सूचना मिली कि सिनेमा हॉल रंगदारी मामले के वांछित आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ हथियार लेकर ब्लैक स्कॉर्पियो से पुराना सदर अस्पताल क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही विशेष टीम सक्रिय हो गई। पुलिस टीम ने सदर अस्पताल के आसपास घेराबंदी शुरू की। पुलिस को देखते ही संदिग्ध लोग भागने लगे। पुलिस जवानों ने पीछा किया और हरिशरनम कुटिया के पीछे चारों को पकड़ लिया। इसके बाद उनकी तलाशी ली गई। बताया कि आरोपी विकास पलिवार उर्फ भाखड़ बोस की कमर के बायीं तरफ से एक पिस्टल बरामद हुई। रिषभ राज उर्फ रिषभ केशरी की कमर से एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। सौरभ कुमार श्रृंगारी की पैंट की बायीं जेब से दो जिंदा कारतूस मिले। वहीं प्रशांत कुमार झा की पैंट की दायीं जेब से दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। बरामद कारतूस में 7.65 एमएम का उल्लेख पाया गया है।
मौके से पुलिस ने ब्लैक रंग की स्कॉर्पियो, रजिस्ट्रेशन नंबर भी जब्त कर ली:
हथियारों की बरामदगी के बाद नगर थाना में कांड संख्या 358/26, दिनांक 13 सितंबर 2026 दर्ज किया गया। इसमें बीएनएस की धारा 308(2), 111(4), 61(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए/26/35 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक चमचमाती स्कॉपिओ गाड़ी को भी जब्त किया है।
40 से ज्यादा मामलों का आपराधिक नेटवर्क:
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को संगठित अपराध गिरोह का सक्रिय सदस्य है। एसडीपीओ के अनुसार यह गिरोह अवैध हथियारों का भय दिखाकर दुकानदारों से रंगदारी मांगने, छिनतई करने और दुकानदारों व राहगीरों को डराने-धमकाने जैसी गतिविधियों में शामिल रहा है। पुलिस ने यह भी दावा किया है कि गिरोह पर रंगदारी के जरिए जमीन कब्जाने जैसे आरोप हैं। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। उन्होने बताया कि आरोपियों के खिलाफ जिले के विभन्न थाना में 40 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। हालांकि किन-किन थानों में और किस-किस मामले में ये आरोपी नामजद हैं, इसका विस्तृत ब्योरा पुलिस की ओर से इस कार्रवाई में सार्वजनिक नहीं किया गया है। मामले में पुलिस ने अनुभव नरौने उर्फ सोनू नरौने, छोटू श्रृंगारी, आस्तिक पलिवार और मोनू पंडित को सहयोगी के रूप में चिह्नित किया है। पुलिस इनकी भूमिका की जांच कर रही है और गिरफ्तारी के लिए आगे कार्रवाई की जा सकती है।
एक रात की रंगदारी, अगले दिन हथियारों के साथ दबोचे गए:
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस की कार्रवाई की टाइमलाइन पर नजर डालें तो 11 सितंबर की रात सिनेमा हॉल में कथित रंगदारी की घटना हुई। 12 सितंबर को पीड़ित के आवेदन पर नगर थाना में मामला दर्ज हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। इसके बाद 13 सितंबर को हथियारों के साथ आरोपियों के सदर अस्पताल क्षेत्र में घूमने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही टीम ने घेराबंदी की और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई करने वाली टीम:
पूरी कार्रवाई सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार के नेतृत्व में की गई। टीम में नगर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक रवि ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक मिथलेश कुमार, सूरज कुमार, सुमंत प्रसाद, राजू रजवार, अरविंद कुमार समेत नगर थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब फरार बताए जा रहे सहयोगियों पर शिकंजा कसने और गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास को खंगालने पर नजर है। जांच आगे बढ़ने के साथ शहर में रंगदारी और संगठित अपराध के नेटवर्क से जुड़े और नाम सामने आने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।


