युवती की आत्महत्या के मामले में सौतेले भाई पर केस
हरपुर बुदहट के चांदपार गांव में 2 सितंबर को प्रेम संबंध के कारण 19 वर्षीय युवती उजाला ने आत्महत्या कर ली। युवती के पिता ने सौतेले भाई अमित प्रजापति के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।

सहजनवा, हिन्दुस्तान संवाद। हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के चांदपार गांव में दो सितंबर को प्रेम संबंध को लेकर युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने उसके सौतेले भाई के खिलाफ केस दर्ज किया है। मृतका के पिता की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए पुलिस मामले की जांच कर रही है। चांदपार निवासी राजकुमार की 19 वर्षीय बेटी उजाला अपने बड़े भाई के सौतेले बेटे अमित प्रजापति से फोन पर बातचीत करती थी। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों के बीच प्रेम संबंध भी था। इसको लेकर युवती के परिजन परेशान थे। परिवार और गांव के कुछ संभ्रांत लोगों ने अमित को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना।
प्रधान और परिजनों ने भी उसे समझाया, इसके बावजूद बातचीत जारी रही। इससे युवती भी परेशान रहने लगी थी। पिता का आरोप है कि दो सितंबर को उजाला कमरे में सो रही थी। इसी दौरान अमित ने फोन कर उसे परेशान किया। इससे आजिज होकर उसने आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अमित प्रजापति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।


