शादी के रिश्ते कराने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार
सहारनपुर में पुलिस ने शादी के रिश्ते कराने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। आरोपियों ने कॉल सेंटर से काम करते हुए लोगों से पैसे ट्रांसफर कराए। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और बाकी की तलाश जारी है।
सहारनपुर। कोतवाली सदर बाजार और साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो वेबसाइट के जरिए शादी के रिश्ते कराने के नाम पर लोगों को ठगी करते थे। आरोपियों ने एक कॉल सेंटर भी चला रखा था। आरोपी लड़कियों के फोटो भी लोगों को भेजते थे। रकम खाते में ट्रांसफर करा लेते थे। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास लैपटॉप सहित तमाम उपकरण बरामद किए हैं। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने पत्रकार वार्ता में बताया कि साइबर क्राइम के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस को कोर्ट रोड स्थित गिल कॉलोनी में संचालित एक संदिग्ध कार्यालय की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर एक भवन की दूसरी मंजिल पर छापा मारा तो वहां कई कंप्यूटर सिस्टम, लैपटॉप और मोबाइल फोन के जरिए शादी के रिश्ते कराने के नाम पर लोगों से एक व्यक्ति बातचीत कर रहा था। जांच में सामने आया कि परफेक्ट रिश्ते प्रोपराइटर नाम से वेबसाइट संचालित कर लोगों को झांसे में लिया जाता था। मौके से आरोपी सूरज मरावी निवासी मुंगेली छत्तीसगढ़ को पकड़ा गया। आरोपी के साथी मौके से फरार मिले। आरोपी ने पूछताछ में कई खुलासे किए। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी के साथियों की भी तलाश की जा रही है。
गिरोह में युवतियां भी शामिल, इंटरनेट से डाउनलोड कर भेजते थे फोटो
सहारनपुर। एसपी सिटी ने बताया कि गिरोह में आठ से नौ युवतियां भी काम करती थी। वे लोगों को फोन कर पहले शादी का रिश्ता कराने का भरोसा देती थी। इसके बाद ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के नाम पर रुपये खाते में ट्रांसफर करा लिए जाते थे। यदि कोई ग्राहक लड़की से बात करने या फोटो मांगता था तो कार्यालय में मौजूद युवतियों से बात कराई जाती और इंटरनेट से डाउनलोड की गई तस्वीरें भेज दी जाती थी। भुगतान मिलते ही संबंधित नंबर ब्लॉक कर दिया जाता था।
हजारों लोगों से कर चुके लाखों की ठगी
सहारनपुर। पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी हजारों लोगों से रिश्ता कराने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी कर चुके हैं। पुलिस आरोपी को अदालत से रिमांड पर लेकर विस्तार से पूछताछ करेगी। इसके साथ ही उसके पूरे नेटवर्क के बारे में पता लगाया जाएगा। इसके साथ ही यह भी जानकारी जुटाई जाएगी कि, अब तक किन-किन लोगों से ठगी की गई है।
यह हुई बरामदगी, लंबे समय से चल रहा था खेल
सहारनपुर। पुलिस ने मौके से 16 कीपैड मोबाइल, तीन एंड्रॉयड फोन, एक लैपटॉप, नौ कंप्यूटर सिस्टम, बायोमैट्रिक डिवाइस, एचडीएफसी बैंक के दो क्यूआर कोड, चेकबुक, रसीदें, पैम्पलेट, प्रिंटर, वाई-फाई डिवाइस समेत अन्य उपकरण बरामद किए हैं। इस मामले में कोतवाली सदर बाजार मुकदमा दर्ज किया। जांच में सामने आया है कि लंबे समय यह खेल चल रहा था।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
लेखक के बारे में
Parnav Aggarwalप्रणव अग्रवाल पिछले करीब 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) सहारनपुर में जिला प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने पत्रकारिता जीवन में अपराध, उच्च शिक्षा, चिकित्सा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर अनेक महत्वपूर्ण और प्रभावशाली खबरें लिखी हैं।
परिचय एवं अनुभव
प्रणव अग्रवाल हिंदी पत्रकारिता के उन सक्रिय पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने अपने काम के जरिए पाठकों के बीच मजबूत पहचान बनाई है। करीब डेढ़ दशक के अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण एवं एक्सक्लूसिव खबरों पर काम किया। हिन्दुस्तान में कार्य करते हुए उन्होंने अपराध, मेडिकल, उच्च शिक्षा और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी अनेक खोजी और विश्लेषणात्मक खबरें प्रकाशित की हैं। समय के साथ बदलते मीडिया परिवेश और पाठकों की रुचि को समझते हुए उन्होंने खबरों की प्रस्तुति में भी नई दृष्टि विकसित की है।
कॅरियर का सफर
प्रणव अग्रवाल ने अपने पत्रकारिता कॅरियर की शुरुआत वर्ष 2011 में अमर उजाला से की जहां उन्होंने प्रिंट पत्रकारिता की बुनियादी समझ विकसित की। इसके बाद वर्ष 2017 में हिन्दुस्तान समाचार पत्र से जुड़े और यहां उन्हें अपराध, उच्च शिक्षा तथा अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) बीट पर काम करने का अवसर मिला। एएमयू बीट की गहन और प्रभावी कवरेज के लिए उन्हें एएमयू द्वारा मीडिया एक्सीलेंस अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। एचटी ग्रुप की ओर से भी कई बार प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जा चुका है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
प्रणव अग्रवाल ने बीकॉम और एमकॉम की पढ़ाई के साथ-साथ पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। मजबूत शैक्षणिक आधार के कारण उन्हें हिंदी पत्रकारिता में विषयों की गहराई से समझ विकसित करने में मदद मिली। इसी वजह से उन्होंने अपराध, चिकित्सा और उच्च शिक्षा जैसे जटिल विषयों पर भी रिसर्च आधारित और विश्लेषणात्मक खबरें लिखी हैं। उनकी कई एक्सक्लूसिव स्टोरी हिन्दुस्तान के राष्ट्र एवं राज्य स्तर पर विभिन्न संस्करणों में प्रकाशित हुई हैं।
कार्य क्षेत्र एवं दृष्टि
प्रणव अग्रवाल को अपराध, केंद्रीय विश्वविद्यालय, चिकित्सा और उच्च शिक्षा से जुड़े विषयों पर विशेष पकड़ हासिल है। उन्होंने इन क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण एक्सक्लूसिव खबरें प्रकाशित की हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक, प्रमाणिक और प्रभावी जानकारी पहुंचाना है ताकि पत्रकारिता के प्रति विश्वास और विश्वसनीयता बनी रहे।


