35 पुड़िया स्मैक और गांजे के साथ महिला गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर में सिकंदरपुर थाने की पुलिस ने एक घर में छापेमारी कर 35 पुड़िया स्मैक और 2 पुड़िया गांजा बरामद किया। इस दौरान एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य आरोपित फरार हो गए। महिला ने पुलिस को बताया कि वह और उसके पति मिलकर मादक पदार्थों का कारोबार करते थे।

मुजफ्फरपुर, हिप्र। सिकंदरपुर थाने की पुलिस ने सोमवार को मुक्तिधाम बांध के पास एक घर में छापेमारी कर स्मैक और गांजा बरामद करते हुए एक महिला तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, दो आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।सिकंदरपुर थानेदार राकेश मोहन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि फिरोज और रवि सहनी मादक पदार्थ लेकर बेचने की फिराक में हैं। इसके बाद पुलिस ने फिरोज के घर की घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपित मौके से भागने में सफल रहे। घर की तलाशी लेने पर टेबल से पॉलिथीन में रखी 35 पुड़िया स्मैक और दो पुड़िया गांजा बरामद किया गया।
मौके पर मौजूद फिरोज की पत्नी रेखा ने भागने वाले आरोपियों की पहचान अपने पति फिरोज और रवि के रूप में की। पूछताछ में गिरफ्तार रेखा ने स्वीकार किया कि वह और उसका पति मिलकर स्मैक व गांजा बेचने का काम करते हैं। रवि उन्हें माल सप्लाई करता है। इधर, मामले में पुलिस के बयान पर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार महिला मंगलवार को न्यायालय को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।


