Madhubani News: शराबी पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस पर हमला
Madhubani News: ललमनियां थाना पुलिस तोरियाही गांव में शराब के नशे में हंगामा कर रहे एक व्यक्ति पर कार्रवाई करने पहुंची। पुलिस पर उसके परिजनों ने हमला कर दिया, जिससे तीन पुलिस कर्मी घायल हुए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक ही परिवार के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं।

Madhubani News: लौकही,निज संवाददाता। खुटौना प्रखंड के ललमनियां थाना पुलिस पर तोरियाही गांव में शराब के नशे में हंगामा कर रहे एक व्यक्ति पर कार्रवाई करने पहुंची ललमनियां थाना पुलिस पर उसके परिजनों ने हमला कर दिया। पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर बरसाए जाने से एक पुलिस अवर निरीक्षक (पुअनि) समेत तीन पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से एक ही परिवार के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। ललमनियां थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि शुक्रवार की रात पुलिस टीम गश्ती पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि तोरियाही गांव में हिंसक झड़प हो रही है।
सूचना के सत्यापन और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस टीम गांव पहुंची। वहां एक व्यक्ति शराब के नशे में हंगामा करते हुए आसपास के लोगों को गाली-गलौज कर रहा था।पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा शांत कराने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी दौरान शराबी के परिजनों ने पुलिस टीम के साथ विवाद शुरू कर दिया।देखते ही देखते परिवार के सदस्यों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया और ईंट-पत्थर फेंकने लगे। अचानक हुए हमले से पुलिसकर्मियों में अफरातफरी मच गई। हमले में पुअनि अंकित कुमार तथा दो कांस्टेबल जख्मी हो गए। घटना की सूचना तत्काल थानाध्यक्ष को दी गई। घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए खुटौना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इधर, पुलिस टीम पर हमले की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार अतिरिक्त पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से परिवार के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में जीतेंद्र राम, रेखा देवी और प्रभात कुमार राम समेत दो नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वयस्क आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि नाबालिगों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई है।


