बिजली ऑपरेटर से मारपीट पर भड़के कर्मचारी, उपकेंद्र पर प्रदर्शन
सुरेरी विद्युत उपकेंद्र पर तैनात ऑपरेटर से मारपीट और सरकारी अभिलेख फाड़ने का आरोप है। नाराज बिजलीकर्मियों ने प्रदर्शन कर आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वे कार्य बहिष्कार करेंगे।

सुरेरी, हिन्दुस्तान संवाद। सुरेरी विद्युत उपकेंद्र पर तैनात ऑपरेटर से मारपीट और सरकारी अभिलेख फाड़ने का सिपाही पर आरोप है। घटना से नाराज बिजलीकर्मियों ने रविवार को उपकेंद्र पर प्रदर्शन कर आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। करीब 45 मिनट तक चले प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। विभागीय अधिकारियों के समझाने के बाद कर्मचारी शांत हुए। चेतावनी दी कि 24 घंटे के भीतर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो कार्य बहिष्कार कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
घटना के विवरण
विद्युत उपकेंद्र पर तैनात ऑपरेटर अजय कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को उनकी ड्यूटी शाम चार बजे से रात 11:59 बजे तक थी। रात करीब साढ़े नौ बजे विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। आरोप है कि रात करीब पौने ग्यारह बजे सुरेरी थाने में तैनात एक आरक्षी उपकेंद्र पर पहुंचा और बिजली आपूर्ति के संबंध में जानकारी लेने लगा। ऑपरेटर ने आपूर्ति बहाल होने में करीब दो घंटे लगने की बात कही।
मारपीट की घटना
आरोप है कि इससे नाराज आरक्षी ने अभद्र टिप्पणी करते हुए लाठी से ऑपरेटर पर हमला कर दिया। मारपीट में ऑपरेटर को कई जगह चोटें आईं। तहरीर के अनुसार, घटना की मोबाइल से फोटो लेने का प्रयास करने पर आरक्षी ने लाठी मारकर मोबाइल क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद शिफ्ट रजिस्टर और शिकायत रजिस्टर भी फाड़ दिए। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने पहुंचकर बीच-बचाव किया।
आरक्षी की पहचान
ऑपरेटर ने तहरीर में आरक्षी की पहचान संतोष यादव के रूप में बताई है। साथ ही उसके नशे की हालत में होने का आरोप लगाया है। कर्मचारियों का कहना था कि ड्यूटी पर तैनात विद्युत कर्मी के साथ इस तरह की घटना से उनमें असुरक्षा की भावना है।
प्रदर्शन और कार्रवाई की मांग
घटना के विरोध में रविवार को संविदा विद्युत कर्मी और मीटर रीडर उपकेंद्र परिसर में एकत्र हुए और प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आरोपी आरक्षी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निलंबित करने की मांग की। थानाध्यक्ष सुरेरी दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपी आरक्षी को उच्चाधिकारियों ने लाइन हाजिर कर दिया है। उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।


