पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार, निशानदेही पर विक्रेता भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
पानापुर में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक युवक को पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया। युवक ने ये हथियार फकुली गांव के तिलक शर्मा से 25 हजार रुपये में खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने तिलक शर्मा को भी गिरफ्तार किया। सारण पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 710.8 लीटर शराब बरामद की और 10 तस्करों को गिरफ्तार किया।

पानापुर, एक संवाददाता। गुप्त सूचना के आधार पर स्थानीय थाने की पुलिस ने मंगलवार की रात पानापुर बाजार में छापेमारी कर पिस्टल के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर लिया । गिरफ्तार युवक तुर्की गांव निवासी बेचूं मियां का पुत्र शहाबुद्दीन बताया जाता है । बताया जाता है कि पुलिस को सूचना मिली कि पानापुर बाजार स्थित एक पान की दुकान के समीप हथियार से लैस एक युवक किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है।
गिरफ्तारी की जानकारी
सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की एवं पिस्टल के साथ उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिसिया पूछताछ में युवक ने बताया कि यह पिस्टल फकुली गांव निवासी तिलक शर्मा से 25 हजार रुपये में खरीदा है । युवक से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने फकुली गांव में छापेमारी कर तिलक शर्मा को भी धर दबोचा। थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि तिलक शर्मा ने हथियार बेचे जाने की बात स्वीकारी है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को जेल भेजा जा रहा है। इस मामले में पानापुर थाना कांड दर्ज करते हुए आर्म्स एक्ट की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अवैध शराब पर कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तिलक शर्मा के विरुद्ध पहले भी वर्ष 2024 में आर्म्स एक्ट के तहत पानापुर थाना में मामला दर्ज है। बरामद देशी पिस्टल को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में पानापुर थानाध्यक्ष सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे। अभियान में बड़ी कार्रवाई, 710.8 लीटर शराब जब्त, 10 तस्कर गिरफ्तार छपरा हमारे संवाददाता। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश में चलाए जा रहे अभियान के तहत सारण पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर कुल 710.8 लीटर अवैध शराब बरामद की है। इस दौरान 10 शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, बरामद शराब में 94.6 लीटर देशी और 616.2 लीटर विदेशी शराब शामिल है। सभी गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध संबंधित थानों में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त एक कार, एक टोटो तथा 500 ग्राम पॉली पॉकेट भी जब्त किया है। पुलिस का कहना है कि शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन, बिक्री और तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


