निवेश के नाम पर डेढ़ करोड़ हड़पने वाला इनामी धराया
निवेश के नाम पर डेढ़ करोड़ हड़पने वाला इनामी धराया क क क क क क क क क कक क क क

भदोही, संवाददाता। धोखाधड़ी, जालसाजी एवं धमकी के आरोपित को ज्ञानपुर पुलिस ने दबोचा। उसकी तलाश लंबे समय से की जा रही थी। आरोपित पर 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। ज्ञानपुर कोतवाली में आनन्द दुबे ने तहरीर देकर पंकज उपाध्याय, मनीष शुक्ला, सचिन उपाध्याय और आशीष दुबे पर क्रशर और टोल बूथ बिजनेस में निवेश के नाम पर 1.5 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। आरोपियों ने एक न्यायाधीश के नाम की फर्जी व्हाट्सएप चैट दिखाकर पीड़ित का भरोसा जीता था। जिसके बाद उसने आरटीजीएस के जरिए पैसा ट्रांसफर किया, जिसे आरोपितों ने हड़पने का काम किया।
संबंधित धाराओं में पुलिस ने केस दर्ज किया था। न्यायालय द्वारा अभियुक्त आशीष दुबे के विरुद्ध धारा 82 एवं 83 सीआरपीसी के तहत आदेश दिया गया था। वह लंबे समय से फरार चल रहा था। ऐसे में एसपी ने उस पर 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। मुखबिर की सूचना पर शनिवार को सिहंपुर नहर पुलिया से आशीष दुबे निवासी लखनो को गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक रामसरीख गौतम, विजय बहादुर सिंह, अजय कुमार सिंह, छठ्ठूलाल गुप्ता, राहुल पटेल, सीमा यादव, राघवेंद्र रहे।


