दुष्कर्म कर वीडियो बनाने के आरोपी को मुठभेड़ में लगी गोली, गिरफ्तार
फतेहपुर में युवती के साथ दुष्कर्म करने वाले ओवैश रजा को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। युवती ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत की थी कि आरोपी ने उसके साथ बलात्कार कर अश्लील वीडियो बनाया।

फतेहपुर। युवती से दुष्कर्म करने और उसका अश्लील वीडियो बनाने वाले गैर समुदाय के आरोपी को पुलिस ने सोमवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मदारीपुर रोड के पास हुई इस मुठभेड़ में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी है, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद हुआ है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि दुष्कर्म के वांछित आरोपी अंदौली थाना राधानगर निवासी ओवैश रजा की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही थीं।
घटना का विवरण
सोमवार तड़के मदारीपुर रोड के पास कोतवाल हेमंत मिश्रा अपनी टीम के साथ मौजूद थे, तभी एक संदिग्ध आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने जब उसे रोकने का प्रयास किया, तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से 25 वर्षीय ओवैश रजा घायल हो गया। वह रविवार रात ही कोतवाली में दर्ज दुष्कर्म के मुकदमे में वांछित हुआ था। मुठभेड़ के बाद आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ में घायल युवक एक युवती से दुष्कर्म के मामले में वांछित था। पुलिस उसका अन्य आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है। नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
क्या था मामला
सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती रविवार को परिजनों के साथ कोतवाली पहुंची थी। उसने बताया कि अंदौली निवासी ओवैश रजा का उसके गांव में ननिहाल है। 20 मई की रात वह छत पर सो रही थी। इसी दौरान ओवैश आया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर उसने जबरदस्ती की, उसके हाथ मरोड़ दिए और दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया। किसी को भी इस बारे में बताने पर उसने वीडियो वायरल करने और परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी थी। युवती की मां ने बताया कि घटना के बाद से बेटी डरी-सहमी थी और कुछ बता नहीं रही थी। लगातार पूछने पर रविवार को बेटी ने पूरी जानकारी दी, जिसके बाद कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई।
दूसरे समुदाय का है आरोपी
मामला दो अलग-अलग समुदायों से जुड़ा होने के कारण क्षेत्र में तनाव था। देर रात तक कोतवाली में हिंदूवादी संगठनों के लोग मौजूद रहे। युवती हिंदू और आरोपी दूसरे समुदाय का था। सोशल मीडिया पर भी आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग उठती रही। मुकदमा दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर ही आरोपी पर कार्रवाई हो जाने से लोगों ने कोतवाली पुलिस और एसपी की सोशल मीडिया पर सराहना की है।


