चाकू घोंप जानलेवा हमले के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, पैर में लगी गोली
शाहजहांपुर में चाकू से जानलेवा हमला करने का आरोपी शीबू उर्फ आजम को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिससे वह घायल हो गया। उसके खिलाफ पहले से मुकदमा दर्ज था और उसकी पहचान हुई है।

शाहजहांपुर। रामचन्द्र मिशन क्षेत्र में घर में घुसकर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित आरोपी शीबू उर्फ आजम को पुलिस ने शनिवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए भाग रहे आरोपी ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक 18 सितंबर को बाकरजई मोहल्ला निवासी पंकज ने तहरीर दी थी। आरोप लगाया कि शीबू उर्फ आजम निवासी किला पाखड़, नईम निवासी तारीन गाड़ीपुरा और कुछ अज्ञात लोगों ने उसके भाई नीरज के घर में घुसकर चाकू से हमला कर दिया। हमले में नीरज गंभीर रूप से घायल हो गया था। तहरीर के आधार पर रामचन्द्र मिशन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था。
गिरफ्तारी की प्रक्रिया
शनिवार को प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम के साथ हरदोई चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित शीबू उर्फ आजम सफेद रंग की अपाचे बाइक से हरदोई रोड की ओर आ रहा है। पुलिस ने बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया तो वह बाइक लेकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी हाईवे से बड़े गांव वाले कट की ओर कच्चे रास्ते पर मुड़ गया। कच्चा रास्ता होने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस के अनुसार इसके बाद आरोपी ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायर कर दिया। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की पहचान शीबू उर्फ आजम (35वर्ष) पुत्र बाबू निवासी किला पाखड़ थाना कोतवाली के रूप में की है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त तमंचा और अपाचे बाइक बरामद होने की बात कही गई है। घायल आरोपी को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मुकदमा और हमला
दो नामजद समेत अज्ञात पर दर्ज था मुकदमा
शाहजहांपुर। शुक्रवार की रात वारदात के बाद कोतवाली क्षेत्र के वारकरजई मोहल्ला निवासी पवन त्रिवेदी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके भाई नीरज त्रिवेदी का ख्वाजा फिरोज मोहल्ले में भी मकान है। 18 सितंबर की रात करीब 7:30 बजे नीरज वहां पहुंचे और घर में बैठकर खाना खा रहे थे। आरोप है कि रात करीब आठ बजे शिब्बू उर्फ आलम निवासी किला मोहल्ला और नईम निवासी तारीन गाड़ीपुरा, रामचंद्र मिशन, कुछ अज्ञात लोगों के साथ घर में घुस आए। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से नीरज पर चाकू से वार कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर शिब्बू उर्फ आलम, नईम और अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
नीरज की हालत
गंभीर हालत में नीरज लखनऊ रेफर
शाहजहांपुर। आरोपी ने नीरज के सीने में चार गंभीर वार किए थे। इस कारण उसकी हालत अत्यंत गंभीर है। ऑपरेशन करने के बाद किसी तरह खून का बहाव डॉक्टरों ने रोका। बीपी कंट्रोल नहीं हो रही थी। इसके बाद लखनऊ हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। करीब 11 बजे मेडिकल कॉलेज से लखनऊ के लिए परिजन ले गए। इधर, इलाज करने वाले डॉक्टरों ने बताया कि उसकी स्थिति अत्यंत गंभीर है।
रंजिश की वजह
उधार के पैसों और सट्टेबाजी को लेकर थी रंजिश
शाहजहांपुर। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने नीरज से पुरानी रंजिश होने की बात बताई है। आरोपी के अनुसार नीरज अक्सर उससे झगड़ा करता था। उधार के पैसों को लेकर भी दोनों के बीच विवाद था। सट्टेबाजी को लेकर भी चर्चा सामने आई है। पुलिस इन बिंदुओं पर जांच कर रही है कि हमले की असल वजह क्या थी। नीरज के स्वस्थ होने के बाद इन सभी सवालों से पर्दा उठेगा।
रिमांड की अर्जी
14 दिन की रिमांड के लिए कोर्ट में देंगे अर्जी
शाहजहांपुर। पुलिस गिरफ्तार आरोपी शीबू उर्फ आजम को रिमांड पर लेने की तैयारी में है। विवेचना में सामने आए तथ्यों और घटना में प्रयुक्त हथियार समेत अन्य बिंदुओं पर पूछताछ के लिए पुलिस कोर्ट में 14 दिन की रिमांड की अर्जी दाखिल करेगी। रिमांड मंजूर होने के बाद आरोपी से पूछताछ कर हमले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जाएगी।
दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी
दूसरे आरोपी को भी जल्द दबोचने का दावा
शाहजहाँपुर। जानलेवा हमले के मुकदमे में नामजद दूसरे आरोपी नईम की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि सूत्रों के अनुसार नईम को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। उसकी भूमिका और घटना में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
हरदोई बाईपास के पास रामचंद्र मिशन पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नीरज पर जानलेवा हमले का आरोपी शिबू सफेद बाइक से वहां से गुजरने वाला है। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा। पीछा करने पर पालिया ग्राम के पास उसने पुलिस पर फायर किया। आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
-देवेंद्र कुमार, एसपी सिटी

