आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने का आरोपी गिरफ्तार
बोकारो में महिला को सोशल साइट पर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल कर परेशान करने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी राजा बाबू दास को गिरफ्तार कर लिया। महिला ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोपी को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर चास धर्मशाला मोड़ के पास पकड़ा।

बोकारो, प्रतिनिधि। सोशल साइट पर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल कर महिला को परेशान करने के मामले में बालीडीह पुलिस ने गुरुवार को फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। आरोपी की पहचान चंदनकियारी निवासी राजा बाबू दास के रूप में हुई है। गिरफ्तारी हेडक्वार्टर सह साइबर डीएसपी पवन कुमार के निर्देश पर आईटी एक्ट के तहत की गई। पुलिस के अनुसार, करहरिया निवासी पीड़ित महिला ने आरोपी के खिलाफ बालीडीह थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि आरोपी ने महिला के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो सोशल साइट पर वायरल कर दिए थे। इससे महिला को सामाजिक परेशानी का सामना करना पड़ा। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से आरोपी लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।
पुलिस की कार्रवाई
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने चास धर्मशाला मोड़ के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों की जांच की, जिसमें आरोपों की पुष्टि हुई। मामला साइबर डीएसपी पवन कुमार के संज्ञान में आने के बाद टेक्निकल सेल की मदद से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी गई और उसे पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया। पुलिस ने बताया कि घटना के कारण पीड़िता मानसिक रूप से काफी परेशान थी और लोकलज्जा के कारण कठिन परिस्थितियों से गुजर रही थी। पुलिस के अनुसार, उसने कई बार आत्महत्या का प्रयास भी किया था। मामले में पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। डीएसपी पवन कुमार ने कहा कि एसपी नाथू सिंह मीणा के निर्देशन में बोकारो पुलिस महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों के त्वरित और तार्किक अनुसंधान के साथ उद्भेदन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए जिले में टोल फ्री नंबर के अलावा तीन महिला थाने और पिंक पेट्रोल को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है। पुलिस ऐसे मामलों में पीड़ित महिलाओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।


