दबंगई दिखाकर मारपीट करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल
रांची के सुखदेवनगर थाना पुलिस ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में मारपीट करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी आर्यन मेहता के खिलाफ कई थानों में मामले दर्ज हैं। यह गिरोह दबंगई के लिए जाना जाता है और प्रतिकूल परिस्थितियों में दूसरों से लड़ाई करता है।

रांची, प्रमुख संवाददाता। शहर के विभिन्न इलाके में मारपीट व दबंगई करने वाले संगठित गिरोह के तीन गुर्गों समेत 4 आरोपियों को सुखदेवनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया। 18 अगस्त की रात हरमू रोड की ओर से लौट रहे मधुकम के आलोक तिर्की व उसके दोस्त समेत दो लोगों को मारपीट कर जख्मी करने के मामले में रविवार को होटवार जेल भेज दिया गया। मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से नामजद केस दर्ज कराया गया था। नगड़ी के लालगुटुवा लक्ष्मीनगर में एक आवास से गिरफ्तार रातू रोड के मधुकम साई विहार कॉलोनी में रहने वाले आर्यन मेहता के खिलाफ लालपुर, सुखदेवनगर, कोतवाली थाना में सात मामले दर्ज हैं।
वहीं, आनंदनगर के अंश वर्मा के खिलाफ दो और न्यू आनंदनगर के ऋषभ वर्मा महतो के खिलाफ लालपुर थाना में दो केस दर्ज हैं। इसी गिरोह से जुड़े एक अन्य युवक स्वर्ण जयंती नगर के विशाल साव को भी पुलिस ने दबोचा है।सुखदेवनगर के थानेदार सुनील कुशवाहा ने बताया कि जेल भेजे गए आरोपियों के खिलाफ कई थानों में दबंगई दिखाकर ग्रुप में व्यक्ति के साथ मारपीट, कातिलाना हमले के केस दर्ज हैं। सभी 15 से 20 युवकों के समूह के सक्रिय सदस्य हैं। जो अपने परिचितों के साथ मारपीट या फिर परेशानी की स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंच कर दूसरे पक्ष के साथ मारपीट करते हैं।


