विंध्याचल रेंज में पकड़े गए 199 वारंटी व वांछित
मिर्जापुर में 15 दिवसीय विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 199 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 175 एनबीडब्ल्यू वारंटी और 24 वांछित आरोपी शामिल हैं। ये सभी विभिन्न अपराधों में संलिप्त रहे हैं। डीआईजी पूनम के निर्देश पर अभियान चलाया गया था, जिससे कानून-व्यवस्था को मजबूत करने का प्रयास किया गया।

मिर्जापुर, संवाददाता । विंध्याचल परिक्षेत्र में वांछित और गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए गए 15 दिवसीय विशेष अभियान में पुलिस ने 199 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसमें 175 एनबीडब्ल्यू वारंटी और 24 वांछित आरोपी शामिल हैं। सभी को कार्रवाई के बाद न्यायालय भेजा गया। डीआईजी पूनम के निर्देश पर मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही जिले में अभियान चलाया गया। अभियान के तहत परिक्षेत्र के सभी थानों पर एनबीडब्ल्यू और वांछित आरोपियों को चिह्नित किया गया। इसके बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गईं। टीमों ने लगातार दबिश देकर और तलाश अभियान चलाकर 199 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपी विभिन्न अपराधों में संलिप्त रहे हैं। इनमें न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट के बावजूद फरार चल रहे 175 वारंटी भी शामिल हैं। वहीं 24 वांछित आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। डीआईजी ने अभियान में बेहतर कार्य करने वाली पुलिस टीमों की सराहना की। उन्होंने वांछित और वारंटी आरोपियों के खिलाफ इसी तरह लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिया। अपराधियों की गिरफ्तारी और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।


