कटिहार : अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, तीन कारतूस बरामद
कटिहार में सेमापुर थाना पुलिस ने अवैध हथियार के साथ कुंदन मंडल नाम के 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि युवक अपने घर पर किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था। गिरफ्तार युवक के पास से एक देसी कट्टा, तीन कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया।

कटिहार से चंदन कुमार कर्ण की रिपोर्ट सेमापुर थाना पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान छोटी चंदन नगर निवासी कुंदन मंडल (20) के रूप में हुई है।पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने बताया कि शनिवार को थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर अपने घर पर किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम छोटी चंदन नगर पहुंची और छापेमारी शुरू की।
पुलिस बल को देखते ही एक युवक तेजी से भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम कुंदन मंडल निवासी छोटी चंदन नगर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


