जमीन हड़पने के लिए फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र और वसीयत बनाई, दो गिरफ्तार
नजीबाबाद पुलिस ने कृषि भूमि हड़पने के लिए फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र और कूटरचित वसीयत तैयार कर न्यायालय में पेश करने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। एक शिकायत के आधार पर चार अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई में धेरमपाल सिंह और विजय शंकर को पकड़ा है।

कृषि भूमि हड़पने के लिए फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र और कूटरचित वसीयत तैयार कर न्यायालय में पेश करने के आरोप में नजीबाबाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में चार नामजद समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। गुरूवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा निवासी कमलनाथ ने 30 सितंबर को नजीबाबाद थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके पिता स्व. महेन्द्रनाथ की ग्राम क्षेत्र में स्थित गाटा संख्या 429 की 2.1560 हेक्टेयर कृषि भूमि को हड़पने के उद्देश्य से आरोपियों ने आपस में साजिश रची।
इसके बाद धोखाधड़ी करते हुए उनके पिता का कूटरचित मृत्यु प्रमाणपत्र और फर्जी वसीयत तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत की गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने धर्मपाल सिंह निवासी महावतपुर बिल्लौच, जसबिंदर सिंह ढिल्लो निवासी अमीखानपुर, विजय शंकर पांडे निवासी श्यामली और क्षेत्रीय हल्का लेखपाल डेविड कुमार समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।गुरूवार को नजीबाबाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए धर्मपाल सिंह निवासी महावतपुर बिल्लौच और विजय शंकर निवासी मूल रूप से बरठी, थाना मईल, तहसील सलेमपुर, देवरिया तथा हाल निवासी श्यामली स्टेट, नजीबाबाद को गिरफ्तार किया है। इस दौरान एएसपी देहात गौतम राय व सीओ नजीबाबाद सुनील कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।


