बागपत : शराब के ठेके पर लूट करने वाला बदमाश मुठभेड़ में घायल
बागपत में पुलिस ने शराब की दुकान में लूटपाट करने वाले एक बदमाश को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से बिना नंबर प्लेट की बाइक, तमंचा और लूट का 3200 रुपये बरामद हुए। आरोपियों ने 21 जुलाई को दुकान में प्रवेश कर सेल्समैन को डराकर शराब और पैसे लूटे थे।

बागपत। बागपत में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में शराब की दुकान में लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाला एक शातिर बदमाश घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की बाइक, तमंचा, कारतूस और लूटी गई नकदी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया है। गत 21 जुलाई 2026 को थाना कोतवाली बागपत क्षेत्र के अंतर्गत खेड़ा इस्लामपुर निवासी वीरेंद्र राणा ने तहरीर दी थी कि तीन अज्ञात बदमाशों ने उनकी कंपोजिट अंग्रेजी शराब की दुकान में घुसकर सेल्समैन को पिस्टल दिखाकर डराया-धमकाया और शराब की बोतलें, बीयर की पेटियां व दिनभर की बिक्री के रुपये लूटकर फरार हो गए थे।
इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। सोमवार सुबह चेकिंग के दौरान पुलिस की सूजरा-सरूरपुर मार्ग पर दिल्ली-देहरादून अंडरपास के पास बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र के जावली निवासी 26 वर्षीय रिंकू उर्फ विशाल पुत्र सुभाष पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ और तलाशी में आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की काले रंग की बाइक, तमंचा, एक कारतूस, एक खोखा, लूट के 3200 रुपये नकद बरामद हुए हैं।

