पुलिस मुठभेड़ में इनामी गैंगस्टर शाहनवाज उर्फ टक्कर को लगी गोली
खेकड़ा पुलिस ने मुबारिकपुर मार्ग पर मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपये के इनामिया गैंगस्टर शाहनवाज उर्फ टक्कर को गिरफ्तार किया। संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान आरोपी ने पुलिस पर गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस ने फायरिंग की और बदमाश के पैर में गोली लगी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बागपत। खेकड़ा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुबारिकपुर मार्ग पर हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीओ खेकड़ा रोहन चौरसिया ने बताया कि खेकड़ा पुलिस टीम मुबारिकपुर मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार एक संदिग्ध युवक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। खुद को पुलिस से घिरा देख आरोपी ने बाइक रोककर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में जा लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया। पूछताछ में गिरफ्तार बदमाश की पहचान शाहनवाज उर्फ टक्कर के रूप में हुई है, जो रटौल कस्बे का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बाइक ओर तमंचा बरामद किया। सीओ खेकड़ा रोहन चौरसिया ने बताया कि शाहनवाज उर्फ टक्कर एक शातिर गैंगस्टर है और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वह कई आपराधिक मामलों में वांछित चल रहा था। आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


